रबी सीजन 2026-27 के लिए सरकार ने कसी कमर, जन आधार से होगा सीधा भुगतान और 10 मार्च से शुरू होगी सरकारी खरीद
जयपुर। राजस्थान के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। भारत सरकार द्वारा रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपए प्रति क्विंटल घोषित कर दिया गया है। राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद को सुचारू बनाने के लिए 'गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल' के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से शुरू हो रही है।
25 जून तक खुला रहेगा पोर्टल खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार, किसान अपनी उपज बेचने के लिए स्वयं या ई-मित्र के माध्यम से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (food.rajasthan.gov.in) पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। यह प्रक्रिया 25 जून 2026 तक निरंतर जारी रहेगी।
पंजीकरण के लिए जन आधार अनिवार्य पंजीकरण के लिए किसानों के पास अद्यतन (Updated) जन आधार कार्ड होना अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपज का भुगतान सीधे उसी बैंक खाते में किया जाएगा, जो किसान के जन आधार कार्ड से लिंक है। ऐसे में किसान समय रहते अपना सही बैंक खाता जन आधार में जुड़वा लें।
10 मार्च से शुरू होगी खरीद प्रक्रिया प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद का कार्य 10 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। राज्य भर में इस कार्य के लिए कुल 383 क्रय केंद्र (Purchase Centers) स्थापित किए गए हैं। इस बार भारतीय खाद्य निगम, राजफेड, तिलम संघ, नाफेड और एनसीसीएफ के साथ-साथ राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम भी गेहूं की खरीद करेगा।
टोल फ्री नंबर और एसएमएस से मिलेगी जानकारी किसानों को पंजीकरण या खरीद से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 जारी किया है। इस पर राजकीय कार्य दिवसों में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, खरीद संबंधी हर अपडेट किसान के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस (SMS) के जरिए दी जाएगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां