जालोर जिले की सियासत में इन दिनों चुनावी पारा सातवें आसमान पर है। जिला परिषद चुनाव के रण में वार्ड संख्या 13 से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर उतरे पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दानाराम चौधरी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। सांचौर विधानसभा सीट से पूर्व में भाजपा के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ चुके दानाराम चौधरी समाज और पार्टी में एक मजबूत रसूख रखते हैं। चौधरी (कलबी) समाज के कद्दावर चेहरे के रूप में उनकी पहचान केवल राजनीतिक गलियारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे अहमदाबाद के बड़े कारोबारी और रियल एस्टेट जगत के दिग्गज खिलाड़ी माने जाते हैं। जिला परिषद सदस्य का फॉर्म भरने के साथ ही उन्होंने जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए अपनी सबसे प्रबल दावेदारी पेश कर दी है। लेकिन नामांकन पत्र के साथ दाखिल किए गए उनके चुनावी शपथ-पत्र ने सियासी महकमे के साथ-साथ आम जनता को भी हैरान कर दिया है। शपथ-पत्र के अनुसार दानाराम चौधरी और उनका परिवार करोड़ों की चल-अचल संपत्ति का मालिक है।
हाथ में नकद और बैंकों में जमा पूंजी चुनावी हलफनामे के मुताबिक, दानाराम चौधरी के पास हाथ में 80,500 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1,25,500 रुपये नकद मौजूद हैं। बैंक खातों की बात करें तो दानाराम के एचडीएफसी बैंक में 1,84,059 रुपये, तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक में 55,484 रुपये और दी कालुपुर कॉमर्शियल को-ऑपरेटिव बैंक में 42,901 रुपये जमा हैं। वहीं उनकी पत्नी के खाते में एचडीएफसी में 1,96,800 रुपये और तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक में 98,794 रुपये हैं। इसके अतिरिक्त उनके हिंदू अविभक्त कुटुंब (HUF) के खातों में भी 2,36,977 रुपये (एचडीएफसी में ₹1,08,085 और तमिलनाडु मर्केंटाइल में ₹1,28,892) जमा दर्शाए गए हैं।
शेयर बाजार, रियल एस्टेट और कंपनियों में बड़ा निवेश दानाराम चौधरी का मुख्य कारोबार गुजरात के अहमदाबाद में फैला हुआ है। उन्होंने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में खुद के नाम पर 5,00,31,005 रुपये और अपनी पत्नी के नाम पर 2,37,49,808 रुपये का निवेश कर रखा है। इसके अलावा विभिन्न व्यावसायिक फर्मों और रियल एस्टेट कंपनियों में उनकी सीधी हिस्सेदारी है:
-
नवरंग मेटल एंड ट्यूब्स: ₹2,92,80,427
-
मुद्रा रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड: ₹2,00,00,000
-
सिद्धि डेवलपर्स: ₹77,92,712
-
श्री सिद्धि डेवलपर्स: ₹49,68,422
-
जयइन्फ्रा बिल्डकॉन: ₹25,04,015
-
सैट डेवलपर्स: ₹24,93,238
-
जीवीपी इन्फोटेक लिमिटेड: ₹25,00,000
निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी के साथ
इसके साथ ही, उन्होंने व्यक्तिगत ऋण व अग्रिम (Loans and Advances) के रूप में विभिन्न निकायों या व्यक्तियों को कुल 8,75,69,013 रुपये दे रखे हैं। एलआईसी में उनका ₹60,66,287, पीपीएफ में ₹15,87,627 और केनरा एचएसबीसी इंश्योरेंस में ₹5,17,436 का निवेश है।
गाड़ियों का शानदार काफिला और सोना-चांदी गाड़ियों के मामले में भी भाजपा नेता का शौक बड़ा है। उनके काफिले में 5 लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं:
-
टाटा हैरियर ईवी (मूल्य: ₹30,72,405)
-
फोर्ड एंडेवर (मूल्य: ₹19,30,357)
-
मर्सिडीज बेंज (मूल्य: ₹12,26,778)
-
महिंद्रा थार (मूल्य: ₹6,24,548)
-
स्कॉर्पियो (मूल्य: ₹40,316)
दानाराम चौधरी के पास 2,32,320 रुपये मूल्य के जेवरात हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 17,61,240 रुपये के आभूषण मौजूद हैं।
कुल चल संपत्ति का आंकड़ा
-
स्वयं (दानाराम चौधरी): ₹22,27,99,850
-
पत्नी: ₹2,59,32,142
-
एचयूएफ (HUF): ₹2,62,577
-
कुल सकल चल संपत्ति: लगभग ₹24.89 करोड़
धर्मगुरु दयाराम जी महाराज और गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी के साथ
अहमदाबाद से लेकर सांचौर तक फैला अचल संपत्तियों का जाल दानाराम चौधरी और उनकी पत्नी के पास राजस्थान और गुजरात दोनों राज्यों में बेशकीमती जमीनें, फ्लैट्स और व्यावसायिक इमारतें हैं:
-
कृषि भूमि: ग्राम दूठवा और सांचौर में दानाराम के नाम ₹30,00,000 और ₹45,00,000 मूल्य की कृषि भूमि है। वहीं उनकी पत्नी के नाम ग्राम डबाल में ₹47,50,000 और ₹1,80,00,000 मूल्य की कुल 5.775 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि है।
-
व्यावसायिक संपत्ति: अहमदाबाद के पॉश इलाके मोटेरा स्थित '4डी स्क्वायर' में दानाराम के नाम दुकान नं. 71 (मूल्य ₹70,00,000) तथा पत्नी के नाम दुकान नं. 62 (मूल्य ₹1,10,00,000) दर्ज है।
-
आवासीय संपत्तियां व फ्लैट्स: दानाराम के पास अहमदाबाद के शाहीबाग में दो फ्लैट्स (डी-603 और डी-604, प्रत्येक का मूल्य ₹1.20 करोड़), पंचशील बंगलो में मकान (मूल्य ₹2.25 करोड़) और श्री गुरु राजेंद्र नगर में प्लॉट (मूल्य ₹1,17,30,000) है। इसके अलावा उनकी पत्नी के नाम भी पंचशील बंगलो, अहमदाबाद में ₹2.25 करोड़ का एक आवास है।
-
कुल अचल संपत्ति बाजार मूल्य: दानाराम के नाम ₹7,27,30,000 और पत्नी के नाम ₹5,62,50,000, यानी कुल अचल संपत्ति ₹12,89,80,000 (लगभग ₹12.90 करोड़) है।
विदेश प्रवास के दौरान शेर से दोस्ती करते दानाराम चौधरी
देयताएं (कर्ज) और कानूनी स्थिति हलफनामे के अनुसार, दानाराम चौधरी के ऊपर बैंक लोन के रूप में 27,37,000 रुपये तथा अनसिक्योर्ड लोन (निजी कर्ज) के रूप में 5,42,58,765 रुपये बाकी हैं, जिससे उनकी कुल देनदारी 5,69,95,765 रुपये (लगभग ₹5.70 करोड़) बनती है। उनकी पत्नी के नाम पर कोई कर्ज दर्ज नहीं है। आपराधिक रिकॉर्ड के मामले में उनका रिकॉर्ड पूरी तरह साफ है और उन पर कोई भी आपराधिक मामला दर्ज या लंबित नहीं है। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने वर्ष 2022 में राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है।
इस तरह दानाराम चौधरी और उनके परिवार की कुल घोषित चल और अचल संपत्ति मिलकर 37.79 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है, जिसमें से लगभग 5.70 करोड़ रुपये की देनदारी घटाने के बाद भी वे 32 करोड़ रुपये से अधिक के शुद्ध साम्राज्य के मालिक हैं। अपने मजबूत सामाजिक समीकरणों, उद्योग जगत में मजबूत पकड़ और विशाल आर्थिक रसूख के दम पर दानाराम चौधरी ने चुनावी मैदान में उतरते ही विरोधियों की धड़कनें तेज कर दी हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या उनका यह व्यावसायिक रसूख और राजनीतिक अनुभव उन्हें जालोर जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचा पाता है या नहीं।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां