सिरोही जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। जिला पुलिस और विशेष रूप से आबूरोड रीको थाना पुलिस की तत्परता, सतर्कता और खुफिया रणनीति ने एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन निगरानी और बेजोड़ नाकाबंदी के चलते आबूरोड रीको पुलिस ने मिसाल कायम की है।
इस पूरी कार्रवाई का श्रेय सिरोही के पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के कुशल मार्गदर्शन को जाता है, जिनके सख्त निर्देशों और अभियान के तहत आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चम्पावत (पु.नि.) ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस सटीक ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाया।

घटना का विवरण: पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत आबूरोड रीको पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर थी। 29 अक्टूबर 2026 की शाम को मावल चौकी पर थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चम्पावत के नेतृत्व में सघन नाकाबंदी की जा रही थी।
इसी दौरान एक संदिग्ध मिनी ट्रक (नंबर RJ-09-GE-6607) को रुकवाकर तलाशी ली गई। जब पुलिस ने ट्रक के केबिन की बारीकी से जांच की, तो वहां छिपाकर रखा गया एक बैग मिला। बैग को खोलने पर उसमें से 20 किलो 696 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम (अफीम का दूध) बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त अफीम की कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक महादेव प्रजापत (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम धराड़, थाना बिलपांक, जिला रतलाम (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह अफीम मध्य प्रदेश के नीमच से भरकर गुजरात के सिद्धपुर में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायर्स की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
कार्रवाई में शामिल टीम: इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चम्पावत के साथ उपनिरीक्षक भवानीसिंह, कांस्टेबल बाबूसिंह, कांस्टेबल दिलीपसिंह की विशेष भूमिका रही, जबकि कांस्टेबल ओमप्रकाश, मालदेव और चालक कांस्टेबल अरुणसिंह टीम में शामिल रहे।

सिरोही पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराध और तस्करी के लिए जिले की सीमाओं पर कोई जगह नहीं है। क्या पुलिस की यह मुस्तैदी नशा माफिया की पूरी जड़ तक पहुंच पाएगी? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें। अपराध और कानून से जुड़ी हर बड़ी और सटीक खबर सबसे पहले देखने के लिए चैनल को सब्सक्राइब करें और बेल आइकन दबाना न भूलें। जुड़े रहिए हमारे साथ!









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां