रानीवाड़ा। केंद्र सरकार की ‘सहकार से समृद्धि’ योजना को धरातल पर उतारने के लिए मंगलवार को जालोर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ कार्यालय में एक विशेष शिविर की शुरुआत हुई। आरसीडीएफ और सहकारिता विभाग के निर्देशों पर आयोजित यह ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान आगामी 15 जून तक चलेगा।
शिविर का संचालन सरस डेयरी के प्रबंध संचालक डॉ. भरत सिंह चौधरी और को-ऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक नारायण सिंह चारण के नेतृत्व में किया जा रहा है। पहले दिन रानीवाड़ा क्षेत्र की डेयरी समितियों के सचिवों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को बैंक मित्र बनाना, उन्हें माइक्रो एटीएम की सुविधा देना, दुग्ध उत्पादकों के नए बैंक खाते खोलना और नई समितियों का ऑनलाइन पंजीकरण व डाटा अपडेट करना है। शिविर में सचिवों को बताया गया कि बैंक मित्र बनने से समितियों की आय बढ़ेगी और माइक्रो एटीएम से ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलेगा। उद्घाटन के दौरान ही बैंक खाते खुलवाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन भी प्राप्त हुए।
इस मौके पर केंद्रीय सहकारी बैंक जालोर के अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी सुभाष चंद्र, पीएंडआई प्रभारी जवान सिंह बालावत, शाखा प्रबंधक दीपक कुमार, मनीष भटनागर, जयंतीलाल, दलपत चौधरी, उमराव सिंह, गजेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह सोलंकी और मुकेश कुमार सहित सहकारिता विभाग व डेयरी संघ के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां