सर्कल न्यूज नेटवर्क
रानीवाड़ा/जालौर: जिले की रानीवाड़ा पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत आजोदर से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पंचायत के प्रशासक विकास कुमार ने अप्रत्याशित कदम उठाते हुए अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया है। रानीवाड़ा क्षेत्र में प्रशासक स्तर पर यह पहला बड़ा इस्तीफा माना जा रहा है, जिसने पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक हल्के में भारी हलचल पैदा कर दी है।
कलेक्टर ने तुरंत स्वीकार किया त्याग-पत्र, जारी किए सख्त आदेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास कुमार ने 30 अक्टूबर 2026 को स्वेच्छा से अपना त्याग-पत्र प्रस्तुत किया था। इसके तुरंत बाद जिला कलेक्टर, जालौर ने पंचायती राज विभाग राजस्थान (जयपुर) के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए उनका त्याग-पत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया और उन्हें पदमुक्त करने का विधिवत आदेश जारी कर दिया।
अब कौन संभालेगा कमान?
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश क्रमांक 5479 के तहत, शासन सचिव एवं आयुक्त पंचायती राज विभाग की अधिसूचना के नियमों की पालना में अब संबंधित ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को प्रशासक का कार्यभार सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्राम विकास अधिकारी का यह कार्यकाल ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचन के बाद गठित प्रथम बैठक की तारीख के ठीक पूर्ववर्ती दिन तक प्रभावी रहेगा।
अचानक इस्तीफे के पीछे क्या है वजह? क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म
चुनावी आहट और प्रशासनिक फेरबदल के बीच अचानक आए इस इस्तीफे ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि क्या यह इस्तीफा किसी अंदरूनी सियासी दबाव का नतीजा है या फिर कार्यप्रणाली को लेकर कोई असंतोष? हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे 'स्वेच्छा से दिया गया त्याग-पत्र' बताया गया है, लेकिन रानीवाड़ा पंचायत समिति में इसे आगामी पंचायत गतिविधियों के लिहाज से एक बड़े राजनीतिक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।
इस आदेश की प्रतिलिपि संभागीय आयुक्त जोधपुर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जालौर और उपखण्ड अधिकारी रानीवाड़ा सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां