Circle News Network
रामसीन (जालोर): जालोर जिले के रामसीन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तवाव के चुनाव नतीजों के बीच हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक तरफ जहां पंचायत चुनाव में सरपंच पद की प्रत्याशी ललिता सैन जीत की ओर बढ़ रही थीं, वहीं दूसरी ओर काउंटिंग रूम में मतगणना अभिकर्ता (काउंटिंग एजेंट) बनकर बैठे उनके पति को पुलिस ने धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी कोई आम शख्स नहीं, बल्कि गुजरात पुलिस का 20 हजार रुपये का इनामी और कई राज्यों में शराब तस्करी का मुख्य सूत्रधार है।
काउंटिंग एजेंट बनकर बैठा था आरोपी
पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए जालोर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/वृताधिकारी भीनमाल शंकरलाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी रामसीन अरविन्द कुमार के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल की टीम गठित की गई थी।
दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत तवाव में सरपंच पद के लिए मतगणना चल रही थी। आरोपी अपनी पत्नी ललिता सैन के काउंटिंग एजेंट के रूप में अंदर मौजूद था। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रिटर्निंग अधिकारी की विधिवत अनुमति ली और मतगणना कक्ष से ही आरोपी को दस्तयाब कर लिया।
आरोपी का पूरा नाम व पता
-
मूल नाम: कांतिलाल उर्फ रोहित
-
पिता का नाम: रतिलाल सैन
-
जाति: सैन
-
निवास: ग्राम तवाव, पुलिस थाना रामसीन, जिला जालोर (राजस्थान)
6 अलग-अलग नामों से पुलिस को दे रहा था गच्चा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का तस्कर है और वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए फर्जी पहचान का सहारा ले रहा था। उसके खिलाफ गुजरात और राजस्थान में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इन 6 अलग-अलग नामों से पहचान बदलकर घूम रहा था:
-
कांतिलाल पुत्र रतिलाल सैन, निवासी तवाव, जिला जालोर
-
रोहित पुत्र रतनलाल सोलंकी
-
प्रवीण नारायण अन्दोजी, निवासी उदयपुर
-
विजयसिंह चौहान पुत्र ईश्वर सिंह चौहान
-
प्रवीण पुत्र नारायण
-
प्रिंस पुत्र रतनलाल सैन
पत्नी बनी सरपंच, काउंटिंग रूम से अरेस्ट हुआ 20 हजारी शराब तस्कर पति | जालोर पुलिस एक्शन
गुजरात पुलिस के SMC को सौंपा
पुलिस थाना हलोल ग्रामीण (जिला पंचमहल, गुजरात) में दर्ज शराब तस्करी के एक बड़े प्रकरण में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर गुजरात पुलिस की ओर से 20,000 रुपये का नकद इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एस.एम.सी.) गांधीनगर के हवाले कर दिया गया है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
इस ऑपरेशन में रामसीन थानाधिकारी अरविन्द कुमार निरीक्षक पुलिस, साइबर सेल जालोर के हैड कांस्टेबल किशन लाल (विशेष भूमिका), साइबर सेल के हैड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, एसपीओ कांस्टेबल गणपत सिंह और रामसीन थाने के कांस्टेबल जयन्तिलाल शामिल रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां