मिलावटखोरों पर कसता शिकंजा: रानीवाड़ा में अस्पतालों के आसपास खाद्य दुकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, नमूने भरे
रानीवाड़ा (विशेष प्रतिनिधि)। प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत बुधवार को रानीवाड़ा कस्बा एवं आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के सख्त निर्देशों पर प्रशासनिक अमले ने चिकित्सा संस्थानों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों पर अचानक दबिश देकर गहन जांच-पड़ताल की।
अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के मकसद से 24 से 30 सितंबर तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भेराराम जाणी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सरकारी व निजी अस्पतालों की कैंटीन, रेस्टोरेंट, भोजनालयों, ढाबों, आइसक्रीम पार्लरों और फास्ट फूड विक्रेताओं का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हनवंत सिंह, विनोद परमार, सुरेश चौधरी, सुनील मीणा और सुरेश कुमार की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संगृहीत कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे। कार्रवाई के दौरान दुकानों में साफ-सफाई, तलने में प्रयुक्त हो रहे खाद्य तेल की गुणवत्ता और अन्य खाद्य सामग्री की बारीकी से पड़ताल की गई। जिन दुकानों एवं कैंटीनों में कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को मौके पर ही सुधार नोटिस थमाए गए। अधिकारियों ने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि स्वच्छता मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मौके पर मौजूद आम नागरिकों को भी शुद्ध व मानक खाद्य सामग्री इस्तेमाल करने हेतु जागरूक किया गया।











पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां