सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
रानीवाड़ा। रानीवाड़ा उपखंड के सिंगावास गांव में सेवा और सामाजिक सरोकार की एक मिसाल देखने को मिली। यहां स्व. खंगाराराम की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पुत्र कृष्ण कुमार काग ने अनुकरणीय पहल करते हुए चार विद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थियों के लिए 'कृष्ण भोज' का विशेष आयोजन किया। काग परिवार के निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को भोजन कराने के साथ ही प्रोत्साहन स्वरूप स्टील के टिफिन भी बांटे गए।
चार स्कूलों के बच्चे हुए शामिल
इस पुनीत आयोजन में क्षेत्र के चार सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें:
- राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (सवा काग की ढाणी, सिंगावास)
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय (सुखदेव चौधरी की ढाणी, सिंगावास)
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय (पंचकोटड़ी, सिंगावास)
- राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (सिंगावास)
सभी बच्चों को आदरपूर्वक भोजन कराया गया और दैनिक उपयोग के लिए मजबूत स्टील के टिफिन भेंट किए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई।
काग परिवार और शिक्षक स्टाफ रहा मौजूद
कार्यक्रम के दौरान काग परिवार से कृष्ण कुमार, विजय कुमार, कानाराम, रमेश कुमार एवं शांतिलाल सहित कई परिजन उपस्थित रहे। वहीं विद्यालयों के शैक्षणिक स्टाफ से राजेन्द्र प्रसाद, मुस्ताक खान, हिमराजाराम, भलाराम और प्रकाश विश्नोई सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने काग परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वजों की स्मृति में दिखावे से दूर रहकर जरूरतमंद बच्चों की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस आयोजन से समाज में नई पीढ़ी के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सकारात्मक संदेश गया है।
रजब पठान









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां