रानीवाड़ा। पंचायतीराज चुनाव 2026 की डुगडुगी बजते ही रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने और क्षेत्र में अपना सियासी वर्चस्व साबित करने के लिए क्षेत्र के दो प्रमुख राजनीतिक धुरंधर—वर्तमान विधायक रतन देवासी और पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल—पूरी ताकत के साथ चुनावी रणभूमि में कूद पड़े हैं। दोनों ही नेताओं ने 24 और 25 अक्टूबर को गांव-गांव में तूफानी जनसंपर्क अभियान छेड़ने का खाका तैयार कर लिया है।
आज भाजपा का सघन जनसंपर्क: जसवंतपुरा से कलापुरा तक देवल का शक्ति प्रदर्शन
भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल शनिवार, 24 अक्टूबर को क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान पर निकले हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार उनका दौरा सुबह 10 बजे जसवंतपुरा व जीतपुरा से शुरू होकर वाडाभवजी, वाडा पादर, जुना उचमत और नया उचमत होते हुए शाम को गजापुरा, विकनवास और कलापुरा पहुंचेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक ग्रामीण मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर समर्थन जुटाने में लगे हैं।
रविवार को कांग्रेस की मैराथन घेराबंदी: 13 गांवों में गरजेंगे विधायक रतन देवासी
इधर, कांग्रेस की साख बचाने और पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल तैयार करने के लिए विधायक रतन देवासी रविवार, 25 अक्टूबर को एक ही दिन में 13 गांवों का सघन दौरा करेंगे। देवासी का यह तूफानी जनसंपर्क सुबह 9:30 बजे पावली से आरंभ होकर साविधर, कारलू, मनोहरजी का वास, पंसेरी, पुरण, राजपुरा, दांतलावास, राजीकावास, जोगार नाड़ी, चेकला, गोलाणा और देर शाम 7 बजे चांदूर में संपन्न होगा।
आमने-सामने की जंग से दिलचस्प हुआ चुनावी माहौल
दोनों शीर्ष नेताओं के लगातार दौरों ने ग्रामीण अंचल में चुनावी सरगर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है। जहां भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक देवल के साथ मिलकर क्षेत्र में विकास और बदलाव के नाम पर वोट मांग रहे हैं, वहीं कांग्रेस विधायक देवासी अपने प्रभाव और संगठन की ताकत के दम पर पंचायतीराज की सीटों पर कब्जा जमाने की पुरजोर कोशिश में जुटे हैं। क्षेत्र में बैक-टू-बैक दौरों के चलते मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प हो गया है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां