Circle News Network
पाटन/राधनपुर। गुजरात के पाटन जिले में तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। द्वारकाधीश के दर्शन कर अपनी बेटी से मिलने जा रहे राजस्थान के एक प्रवासी परिवार की खुशियां पलक झपकते ही मातम में बदल गईं। समी-राधनपुर हाईवे पर गोचनाद गांव के पास एक तेज रफ्तार एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने सामने से आ रही स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित परिवार के चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

बालोतरा के सिवाना के मूल निवासी, बेंगलुरु में है कारोबार
समी थानेदार के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से राजस्थान के बालोतरा जिले के सिवाना का रहने वाला है और लंबे समय से बेंगलुरु में व्यवसाय करता है। पूरा परिवार धार्मिक यात्रा के सिलसिले में गुजरात आया हुआ था। द्वारका दर्शन करने के बाद परिवार अपनी विवाहिता बेटी से मिलने बनासकांठा के भाभर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
सुबह 6 बजे आमने-सामने हुई भिड़ंत
हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। सोनी परिवार शंखेश्वर मार्ग से भाभर की ओर जा रहा था, तभी गोचनाद गांव के पास सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों और शवों को बाहर निकाला।

हताहतों की सूची
-
मृतक:
-
जमनाबेन मोंगीलाल सोनी (उम्र 70 वर्ष)
-
रणजीतभाई मोंगीलाल सोनी (उम्र 43 वर्ष)
-
-
गंभीर रूप से घायल:
-
आरोहीबेन रणजीतभाई सोनी (उम्र 40 वर्ष, पत्नी)
-
अमितभाई रणजीतभाई सोनी (उम्र 9 वर्ष, पुत्र)
-
श्रवणभाई रणजीतभाई सोनी (उम्र 6 वर्ष, पुत्र)
-
यशकुमार शामलभाई (उम्र 23 वर्ष, निवासी भाभर)

-
घायलों को मेहसाणा रेफर किया, ट्रक ड्राइवर फरार
समी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल दोनों मासूम बच्चों और महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेहसाणा रेफर किया गया है।
समी पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना सिवाना और बेंगलुरु में परिजनों को दे दी गई है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां