सर्कल न्यूज नेटवर्क सांचौर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे निर्णायक अभियान में सांचौर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गुजरात सीमा से सटे इलाकों में ड्रग्स की खेप खपाने की फिराक में घूम रहे अंतरराज्यीय तस्करों के मंसूबों पर पुलिस ने पूरी तरह पानी फेर दिया। सांकड़ पुलिस चौकी के सटीक और अचूक इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध गुजरात पासिंग कार को घेरकर दबोच लिया और मौके से 85 ग्राम जानलेवा एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स की खेप बरामद कर तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथों सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
सुरेंद्र सिंह राव की मुखबिरी बनी काल: सांकड़ चौकी का फिर बजा डंका इस पूरी स्ट्राइक की मुख्य कड़ी बने सांकड़ चौकी प्रभारी व उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह राव, जिनके मजबूत सूचना तंत्र ने तस्करों के रूट का पहले ही पर्दाफाश कर दिया था। राव को जैसे ही पुख्ता सूचना मिली कि गुजरात नंबर की गाड़ी से नशीले पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है, उन्होंने तुरंत उच्चाधिकारियों से तालमेल बैठाया। गौरतलब है कि सांकड़ चौकी इन दिनों ड्रग माफियाओं के खिलाफ लगातार काल साबित हो रही है। नशे के खिलाफ बैक-टू-बैक 5-6 बड़े केस खोलकर सांकड़ चौकी समूचे जिले में ड्रग तस्करों की कमर तोड़ने में सबसे अव्वल साबित हुई है।
अधिकारियों की कुशल रणनीति और टीमवर्क यह सफल ऑपरेशन जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के कड़े निर्देशों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर अरविंद जांगिड़ (RPS) के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी सांचौर के क्लोज सुपरविजन में अंजाम दिया गया। सांचौर थानाधिकारी नेमाराम (निरीक्षक पुलिस) और सांकड़ चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह राव की संयुक्त टीम ने रणनीतिक घेराबंदी कर गुजरात नंबर की संदिग्ध गाड़ी (GJ-08 BG-2125) को रुकवाया। तलाशी लेने पर वाहन सवारों के कब्जे से 85 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान:
- माना भाई पुत्र केशा जी, जाति रेबारी, निवासी रतनपुर, पुलिस थाना दांतीवाड़ा (गुजरात)
- नरसिंह भाई पुत्र नागा भाई, जाति रेबारी, निवासी नोई अटल
- माना भाई पुत्र काला भाई, जाति रेबारी, निवासी रतनपुर, पुलिस थाना दांतीवाड़ा (गुजरात)
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
नशा मुक्त समाज की ओर पुलिस के मजबूत कदम सांचौर पुलिस द्वारा नशे के खात्मे को लेकर जमीनी स्तर पर चलाए जा रहे प्रयास अब रंग ला रहे हैं। एक तरफ जहां पुलिस नशा मुक्ति को लेकर युवाओं और आमजन के बीच लगातार जागरूकता की अलख जगा रही है, वहीं दूसरी तरफ तस्करों पर सख्त कानूनी प्रहार कर अपराधियों में खौफ पैदा कर रही है। जिले की जनता पुलिस के इस कड़े एक्शन और खासकर सांकड़ चौकी की सक्रियता की जमकर सराहना कर रही है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां