सर्किल न्यूज नेटवर्क
पाटन / शंखेश्वर। गुजरात में शराबबंदी के बीच तस्करों के मंसूबों पर पुलिस ने एक बार फिर पानी फेर दिया है। पाटन जिले की शंखेश्वर पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर शंखेश्वर-दसाड़ा हाईवे पर घेराबंदी कर एक लग्जरी बस से 12.12 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब और बियर का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने लग्जरी बस, मोबाइल फोन और शराब सहित कुल 22.17 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त कर बस चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
नाकाबंदी देख साथी फरार, गुप्त केबिन से मिली 6,108 बोतलें
पुलिस के अनुसार शंखेश्वर-दसाड़ा मार्ग पर सतर्कता के साथ नाकाबंदी की गई थी। संदिग्ध रूप से आ रही लग्जरी बस को रुकने का इशारा किया गया। बस रुकते ही चालक के पास बैठा एक व्यक्ति अंधेरे की आड़ लेकर जंगल की तरफ भाग निकला। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस चालक को हिरासत में ले लिया।
जब बस की सघन तलाशी ली गई तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। तस्करों ने शराब छुपाने के लिए बस में विशेष गुप्त केबिन (चोर खाने) तैयार कर रखे थे। इन गुप्त खानों से कुल 6,108 बोतल विदेशी शराब और बियर बरामद की गई।
राजस्थान के जोधपुर से गांधीधाम जा रही थी अवैध खेप
पकड़े गए बस चालक की पहचान बीजाराम ओमाराम लाभूराम चौधरी (उम्र 30 वर्ष, निवासी जोधपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि शराब की यह बड़ी खेप जोधपुर निवासी किशनसिंह दीपसिंह गोगादेव ने बस में लोड करवाई थी। वहीं मौके से फरार हुआ व्यक्ति बाड़मेर निवासी धर्मपालसिंह केसरसिंह राठौड़ है। यह पूरी अवैध खेप गांधीधाम (कच्छ) पहुंचाई जानी थी।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शंखेश्वर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब पहुंचाने वाले चालक, मौके से भागे आरोपी, जोधपुर से खेप लोड कराने वाले सप्लायर और गांधीधाम में माल मंगवाने वाले रिसीवर सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम (प्रोहिबिशन एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश और सप्लाई नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच जारी है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां