आबूरोड (सिरोही)। राजस्थान के धार्मिक पर्यटन और वैश्विक आवागमन के नक्शे पर अब एक नया इतिहास रचने जा रहा है। सिरोही जिले के मानपुर (आबूरोड) हवाई पट्टी को अब पूर्ण विकसित घरेलू एयरपोर्ट के रूप में अपग्रेड करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस संबंध में बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार की तरफ से प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और केंद्र सरकार से रनवे व टर्मिनल निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करने का औपचारिक अनुरोध किया गया है।
जमीन और फंड ट्रांसफर, केंद्र के पाले में गेंद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को जितनी जमीन हस्तांतरित करनी थी, वह प्रक्रिया पूरी कर मंत्रालय के नाम दर्ज करा दी गई है। इसके साथ ही राज्य की हिस्सेदारी का तय फंड भी केंद्र सरकार के पास जमा करवा दिया गया है। अब केवल रनवे विस्तार, अत्याधुनिक पैसेंजर लाउंज, नाइट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और एटीसी (ATC) टावर निर्माण की हरी झंडी बाकी है।
गुजरात बॉर्डर और मारवाड़ का गेम-चेंजर प्रोजेक्ट अब तक माउंट आबू या आसपास के प्रमुख तीर्थों पर आने वाले VIP, एनआरआई और सैलानियों को गुजरात के अहमदाबाद (सरदार वल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट) या राजस्थान के उदयपुर (डबोक एयरपोर्ट) पर उतरना पड़ता था। वहां से सड़क मार्ग के जरिए 3 से 4 घंटे का लंबा सफर तय करना पड़ता था। मानपुर एयरपोर्ट शुरू होने से न केवल समय बचेगा, बल्कि दिल्ली, मुंबई, जयपुर और बेंगलुरु जैसे महानगरों से सीधी फ्लाइट्स का रास्ता भी साफ होगा।
किन प्रमुख आस्था और पर्यटन स्थलों को मिलेगा सीधा लाभ?
-
माउंट आबू व दिलवाड़ा: राज्य का एकमात्र हिल स्टेशन और विश्वविख्यात संगमरमर के जैन मंदिर।
-
ब्रह्माकुमारी मुख्यालय (शांतिवन): जहां दुनिया के 140+ देशों से हर महीने लाखों अनुयायी और प्रतिनिधि सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचते हैं।
-
अंबाजी शक्तिपीठ (गुजरात बॉर्डर): 51 शक्तिपीठों में शामिल प्रमुख धाम, जहां साल भर गुजरात व देश भर से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं।
-
प्रमुख तीर्थ क्षेत्र: सुंधामाताजी, जीरावला पार्श्वनाथ, पावापुरी तीर्थ जीव मैत्री धाम, अधर देवी, सारणेश्वर महादेव, रणकपुर जैन मंदिर और अजारी सरस्वती धाम।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार में आएगा भारी उछाल हवाई सेवा शुरू होने से आबूरोड, सिरोही, जालोर और उत्तरी गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में होटल, टैक्सी, हैंडीक्राफ्ट और रियल एस्टेट कारोबार में भारी उछाल आने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय जल्द ही इस परियोजना के लिए आधिकारिक टेंडर जारी कर ग्राउंड वर्क शुरू कराएगा।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां