Circle News Network
रानीवाड़ा (जालोर)। ‘या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता...’ के मंत्रोच्चार और माताजी के गगनभेदी जयकारों से सणवी धाम नौ दिनों तक भक्ति के अलौकिक रंग में रंगा रहा। रोड़ा स्थित प्रसिद्ध सणवी माताजी मंदिर में भाटीब मठ के पीठाधीश्वर पूज्य गुरुदेव 1008 श्री विष्णु पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में नौ दिवसीय नवरात्रि अनुष्ठान श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस विराट आयोजन की सफलता का मुख्य श्रेय पूज्य गुरुदेव विष्णु पुरी जी महाराज के दिव्य मार्गदर्शन और सानिध्य को जाता है। महाराजश्री की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार रहा। राजस्थान के कोने-कोने के साथ-साथ गुजरात और अन्य राज्यों से पहुंचे हजारों भक्तों ने माताजी की चौखट पर शीश नवाया और गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद लेकर क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।

नौ दिनों तक अखंड ज्योत, विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भजन संध्याओं की गूंज बनी रही। महाप्रसादी के साथ अनुष्ठान की पूर्णता हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान में रावत मानवेन्द्र सिंह देवड़ा (बड़गांव), भंवर सिंह रोड़ा, शंभू सिंह रोड़ा, चंदन सिंह, दीप सिंह, भावेश एम. राजपुरोहित, पोपटलाल प्रजापत, वीराराम, मफाराम, बाबूलाल, प्रकाश पुरोहित, भूपेंद्र पुरोहित, हजारीराम पुरोहित, जयंतीलाल राणा और हरीश राणा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि गुरुदेव का सानिध्य मिलना क्षेत्र का परम सौभाग्य है और जनसहयोग से धाम पर सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां