जसवंतपुरा (जालौर)। क्षेत्र के पावटी निवासी एक पशुपालक के साथ हुई मारपीट के मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। 17 तारीख को ऊंट चराने के दौरान हुई कहासुनी के बाद गंभीर रूप से घायल पदमाराम देवासी ने पालनपुर (गुजरात) के अस्पताल में दम तोड़ दिया। शव के गांव लौटते ही देवासी समाज का आक्रोश भड़क उठा और सैकड़ों की संख्या में लोग जसवंतपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर जमा हो गए। हालात तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दोनों मुख्य आरोपियों (बाप-बेटे) को गिरफ्तार कर लिया।
कहासुनी के बाद लाठियों से पीटा था जानकारी के अनुसार, पावटी निवासी पदमाराम देवासी 17 तारीख को ऊंट चराकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर फेदानी निवासी मनसाराम उर्फ मुपाजी प्रजापत और उसके पुत्र हिम्मत प्रजापत के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बाप-बेटे ने मिलकर पदमाराम पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा।
गंभीर हालत में पदमाराम को पहले जसवंतपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गुजरात के पालनपुर रेफर कर दिया। वहां एक निजी अस्पताल में 6–7 दिनों तक चले उपचार के बाद पदमाराम की मौत हो गई।
अस्पताल में शव आते ही गरमाया माहौल, जुटी भारी भीड़ रविवार सुबह जैसे ही पदमाराम का शव गुजरात से जसवंतपुरा सीएचसी पहुंचा, समाज में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की तादाद में देवासी समाज के लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों और समाज के लोगों का कहना था कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।
विधायक की सूझबूझ और पुलिस की सक्रियता से टला तनाव घटना की सूचना मिलते ही रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों से संवाद साधा तथा प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर स्थिति को संभाला। विधायक की समझाइश और त्वरित न्याय के आश्वासन के बाद माहौल शांत हुआ।
इधर, रानीवाड़ा पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुखराम बिश्नोई के सुपरविजन में जसवंतपुरा थानाधिकारी डिंपल कंवर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम के साथ दबिश दी। पुलिस ने फेदानी निवासी आरोपी मनसाराम पुत्र मुपाजी प्रजापत और उसके बेटे हिम्मत प्रजापत को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की धारा जोड़ी, मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम थानाधिकारी डिंपल कंवर ने बताया कि पूर्व में दर्ज मारपीट के मामले में अब हत्या की धारा (धारा 302 / बीएनएस 103(1)) जोड़ दी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की सहमति के बाद चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव पावटी रवाना किया गया।












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां