रानीवाड़ा (जालोर): श्रावण मास के पावन पर्व पर शिवभक्ति की अद्भुत बयार बह रही है। इसी क्रम में आज सावन के तीसरे सोमवार पर जालोर जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र के ऐतिहासिक सेवाड़ा स्थित प्रसिद्ध पातालेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का महाकुंभ देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

राजस्थान-गुजरात से पहुंचे हजारों श्रद्धालु
श्रावण के तीसरे सोमवार के इस विशेष अवसर पर स्थानीय अंचल के साथ-साथ पड़ोसी राज्य गुजरात के विभिन्न हिस्सों से भी हजारों की संख्या में शिवभक्त सेवाड़ा पहुंचे। अहले सुबह से ही मंदिर के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भक्तों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर भारी उत्साह नजर आया।

मंत्रोच्चार के बीच हुआ जलाभिषेक
मंदिर में पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान पातालेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तों ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से जो भी मुराद मांगी जाती है, महादेव उसे अवश्य पूरी करते हैं।
चहुंओर छाया धार्मिक उल्लास
विशाल जनसमूह के पहुंचने से पूरे सेवाड़ा क्षेत्र में अलौकिक और धार्मिक माहौल बना रहा। हर तरफ शिवमय छटा दिखाई दे रही थी। श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव से क्षेत्र में बारिश, उत्तम फसल, सुख-समृद्धि, खुशहाली और समस्त संसार के कल्याण की मंगलकामना की। मंदिर कमेटी और स्थानीय प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां