वेब डेस्क, नई दिल्ली:
दुनिया की नज़र में अंबानी परिवार देश का सबसे धनी और प्रभावशाली परिवार है। लेकिन असली अमीरी बैंक बैलेंस में नहीं, बल्कि मन के संस्कारों और धर्म के प्रति निष्ठा में झलकती है। इसका जीवंत उदाहरण पेश किया है मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने। सोशल मीडिया पर सामने आए उनके एक वीडियो ने साबित कर दिया है कि दौलत से ऊपर अगर कुछ है, तो वह है मूक पशुओं के प्रति करुणा और सनातन संस्कृति के संस्कार।
खुद के बलबूते संभाल रहे 9 लाख गायें
अनंत अंबानी ने बातचीत के दौरान बताया कि वे अपने स्तर पर करीब 9 लाख गायों की सेवा और देखभाल कर रहे हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से 7 लाख गायें ऐसी हैं जो दूध नहीं देतीं, बुजुर्ग हैं या किसी न किसी हादसे में घायल हुई हैं। आम तौर पर लोग केवल दूध देने वाली गायों को पालते हैं, लेकिन अनंत अंबानी के लिए गौ सेवा किसी मुनाफे का जरिया नहीं, बल्कि जीवन का परम कर्तव्य है।
8 राज्यों में 100 एम्बुलेंस और कत्लखानों से रेस्क्यू
गौ रक्षा और सेवा को संगठित रूप देते हुए उन्होंने पूरे 8 राज्यों में करीब 100 विशेष एम्बुलेंस तैनात की हैं, जो सड़क हादसों में घायल गायों को तुरंत इलाज के लिए लाती हैं। इसके अलावा, जहां वैध या अवैध रूप से गोवंश संकट में था, वहां से उनकी टीम ने अब तक 50,000 से ज्यादा गायों को कत्लखानों से बचाकर नया जीवन दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ: 'उनसे मिलती है प्रेरणा'
अनंत अंबानी ने गौ संवर्धन और संरक्षण के कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल खोलकर सराहना की। उन्होंने कहा, "हमारे प्रधानमंत्री जी ने गौमाता के लिए इतना कुछ किया है कि हम उनसे सीधे प्रेरणा लेते हैं। अगर हम थोड़ा भी कर पाएं, तभी जीवन सार्थक है। अगर गौमाता की सेवा ही न करें, तो फिर जीने का मकसद ही क्या रह जाता है!"
दिन की शुरुआत गौमाता की सेवा से
अनंत अंबानी ने अपनी दिनचर्या साझा करते हुए बताया कि उनके घर पर 6 गायें हैं। वे सुबह घर से बाहर निकलने से पहले खुद गौमाता की मालिश करते हैं और उन्हें भोजन कराते हैं। वे जो सात्विक भोजन खुद ग्रहण करते हैं, पहले वही गौमाता को अर्पित करते हैं।
आज के युवाओं के लिए मिसाल
दिखावे और भौतिक सुखों की अंधी दौड़ में अनंत अंबानी का यह सादगी भरा गौ-प्रेम हर किसी को सोचने पर मजबूर करता है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि संसाधन चाहे जितने हों, असली पहचान धर्म, दया और जीवों के प्रति प्रेम से ही बनती है। अनंत अंबानी का यह सेवा भाव पूरे देश और युवा पीढ़ी के लिए एक बड़ा संदेश है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां