सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
रानीवाड़ा (जालोर)। दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर जालोर जिले का जाखड़ी गांव दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। गांव के प्रति अपने प्रेम और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए भामाशाह जेठमल मनरुपजी सुथार ने लाखों रुपये की लागत से गांव में छह हाई-मास्ट लाइटें लगवाकर जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। उनके इस पुनीत कार्य से अब गांव का हर कोना रोशन हो गया है।
लाजवाब कार्य
भामाशाह जेठमल सुथार ने गांव के मुख्य चौराहों पर 50 फीट की ऊंचाई पर ये शक्तिशाली हाई-मास्ट लाइट्स स्थापित करवाई हैं। उनकी इस पहल से न केवल गांव की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि ग्रामीणों को रात के समय सुरक्षा और सुविधा भी मिली है।
इन हाई-मास्ट लाइट्स का विधिवत लोकार्पण सोमवार को महंत काशीनाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल और प्रधान राघवेंद्र सिंह देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह में पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने बटन दबाकर हाई-मास्ट लाइट्स को चालू किया, जिसके साथ ही जाखड़ी गांव दूधिया रोशनी से नहा उठा। अतिथियों ने भामाशाह जेठमल सुथार और उनके परिवार (सोनाराम सुथार परिवार) की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि समाज के प्रति उनका यह समर्पण दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में जाखड़ी गांव के ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने भामाशाह परिवार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इन लाइट्स के लगने से अब देर रात भी आवागमन आसान और सुरक्षित हो गया है, जिससे गांव में त्योहारों और सामाजिक गतिविधियों का माहौल और भी खुशनुमा रहेगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां