2023 से लंबित है स्वीकृति, ग्राम सेवा शिविर में उपखंड अधिकारी के मार्फत शिक्षा मंत्री को भेजा स्मरण पत्र
जाखड़ी। क्षेत्र की १० ग्राम पंचायतों के केंद्र बिंदु और करीब ५० हजार की आबादी की उम्मीदों के प्रतीक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाखड़ी में विज्ञान संकाय (जीव विज्ञान व गणित वर्ग) शुरू करने की मांग अब आंदोलन का रूप लेती जा रही है। वर्ष २०२३ से लंबित इस स्वीकृति को लेकर ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे रहा है। शुक्रवार (१९ जून) को जाखड़ी में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में यह मुद्दा पूरी ताकत से गूंजा और ग्रामीणों ने अल्टीमेटम अवधि पूर्ण होने से पहले ही सरकार को 'स्मरण पत्र' सौंपकर अपनी मंशा साफ कर दी है।
शिविर में उठी पुरजोर आवाज, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
ग्राम सेवा शिविर के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विज्ञान विषय की स्वीकृति को लेकर जोरों-शोरों से आवाज उठाई। इस दौरान उपखंड अधिकारी महोदय के मार्फत तहसीलदार महोदय को शिक्षा मंत्री के नाम एक नया ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों का कहना है कि आगामी सत्र २०२६-२०२७ में हर हाल में स्कूल को विज्ञान संकाय की सौगात मिलनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के होनहार बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े।
पहले ही दिया जा चुका है १५ दिन का अल्टीमेटम
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व गत १२ जून २०२६ को ग्रामीणों द्वारा स्पीड पोस्ट और एडी (AD) के माध्यम से सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री महोदय, शिक्षा मंत्री महोदय (राजस्थान सरकार), माध्यमिक शिक्षा निदेशक (बीकानेर), संभागीय आयुक्त (जोधपुर) एवं जिला शिक्षा अधिकारी (जालौर) को इस संबंध में १५ दिवसीय अल्टीमेटम का ज्ञापन भेजा जा चुका है।
ग्रामीणों की चेतावनी: यदि दी गई समय अवधि के भीतर जाखड़ी विद्यालय में विज्ञान संकाय के दोनों वर्गों (बायो व मैथ्स) को स्वीकृति नहीं मिली, तो क्षेत्र की जनता चुप नहीं बैठेगी और इस मांग को लेकर उग्र रुख अपनाने को मजबूर होगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां