सर्कल न्यूज नेटवर्क
रानीवाड़ा क्रय-विक्रय सहकारी समिति की वार्षिक आम सभा संपन्न:
समिति लगातार मुनाफे में, जैविक खेती और आधुनिक तकनीक से होगा किसानों का सशक्तिकरण
रानीवाड़ा (जालौर)।
रानीवाड़ा क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड (रानीवाड़ा को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी लि.) की वार्षिक आम सभा का आयोजन समिति गोदाम परिसर में हर्षोल्लास व गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। बैठक का आयोजन संघ के संचालक गुमान सिंह राव के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ व्यवस्थापक/प्रबंधक हिंगलाजदान चारण की देखरेख में तथा क्षेत्र की 22 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं व्यवस्थापकों सहित किसानो के सानिध्य में किया गया।

प्रतिवेदन में आय-व्यय और मुनाफे का ब्यौरा पेश
कार्यक्रम के आरंभ में वरिष्ठ व्यवस्थापक हिंगलाजदान चारण ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विगत वर्षों के आय-व्यय, क्रय-विक्रय तथा लाभ-हानि का विस्तृत लेखा-जोखा सदन के समक्ष पढ़कर सुनाया। उन्होंने बताया कि समिति निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और लगातार मुनाफे में चल रही है।
प्रतिवेदन के अनुसार समिति के वित्तीय आंकड़े निरंतर सुदृढ़ हुए हैं:
-
सकल लाभ (व्यापार खाता): वर्ष 2022-23 में सकल लाभ ₹7.64 लाख था, जो वर्ष 2023-24 में बढ़कर ₹10.90 लाख, वर्ष 2024-25 में ₹23.95 लाख तथा वर्ष 2025-26 में ₹26.84 लाख दर्ज किया गया।
-
क्रय-विक्रय कारोबार: वर्ष 2024-25 में ₹4212.02 लाख की खरीद और ₹4238.28 लाख की बिक्री हुई, वहीं वर्ष 2025-26 में ₹3033.81 लाख की खरीद एवं ₹3060.65 लाख की बिक्री दर्ज की गई।
-
शुद्ध लाभ व संचित लाभ: वर्ष 2022-23 में शुद्ध लाभ ₹0.10 लाख से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹3.99 लाख पहुंच गया, जबकि समिति का संचित लाभ बढ़कर ₹21.13 लाख हो गया है।
-
कृषि जिंसों की खरीद व वितरण: समिति द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरसों व मूंगफली की रिकॉर्ड खरीद की गई। साथ ही खाद, बीज एवं आवश्यक उपभोक्ता सामग्री का सुचारू वितरण किसानों को किया जा रहा है।

जैविक खेती को बढ़ावा और राष्ट्रीय संस्थाओं से एमओयू
सभा को संबोधित करते हुए संचालक और रानीवाडा ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष गुमान सिंह राव ने कहा कि समिति का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल और सुनहरा है। उन्होंने बताया कि समिति ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बढ़ाते हुए 'भारतीय बीज सहकारी समिति', 'नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लि.' तथा 'नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट लि.' की सदस्यता ली है। प्रमुख उर्वरक व बीज कंपनियों से अनुबंध (एमओयू) होने से क्षेत्र के काश्तकारों को समय पर उन्नत बीज और उच्च गुणवत्ता वाली खाद उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जैविक खाद और उन्नत बीज रियायती दरों पर मुहैया कराए जाएंगे।

पैक्स का डिजिटलाइजेशन: व्यवस्थाएं होंगी पूरी तरह ऑनलाइन
बैठक में जानकारी दी गई कि आने वाले समय में प्राथमिक कृषि ऋणदात्री सहकारी समितियों (PACS) के कंप्यूटराइजेशन और ऑनलाइन सिस्टम से व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और हाईटेक बनाया जा रहा है, जिससे किसानों को त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।
जनप्रतिनिधि व सहकारिता से जुड़े पदाधिकारी रहे उपस्थित
उल्लेखनीय है कि इस समिति के अध्यक्ष क्षेत्रीय विधायक रतन देवासी हैं, जिनकी प्रेरणा व मार्गदर्शन से समिति विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। बैठक में उपाध्यक्ष हेमाराम बिश्नोई सेवाडा भी उपस्थित रहे।
इस आम सभा में संचालक अम्बालाल जीनगर, बाबूराम, स्थानीय व्यवस्थापक मावाराम देवासी, वागाराम, वालाराम पाल, जवानाराम पाल, हरशन, नरेश वैष्णव, नानजीराम (मैत्रीवाड़ा), सहित 22 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्ष, व्यवस्थापक एवं भारी संख्या में कृषक व सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सहकारिता आंदोलन को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ सभा का समापन हुआ।











पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां