बनासकांठा एलसीबी पुलिस ने डिसा के पास झेरड़ा–पांथावाड़ा हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साइकिल के स्पेयर पार्ट्स की आड़ में लाई जा रही ₹43.60 लाख की विदेशी शराब बरामद की।
पुलिस अधीक्षक अक्षयराज के निर्देश पर एलसीबी प्रभारी ए.वी. देसाई व टीम को सूचना मिली कि RJ-39-GA-6131 नंबर की महिंद्रा ट्रक में शराब की तस्करी हो रही है। पीएसआई पी.एल. आहीर, एस.जे. परमार सहित टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक की तलाशी ली, जिसमें स्पेयर पार्ट्स के नीचे छिपी 405 पेटियां (कुल 4,860 बोतल) विदेशी शराब मिली।
ट्रक चालक जसाराम चेतनराम जाट और खलासी खेमा राम लालाराम जाट (दोनों निवासी बाड़मेर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि साइकिल के स्पेयर पार्ट्स राज्य सरकार की सारस्वती साधना योजना के तहत भेजे जा रहे थे।
पुलिस ने शराब भेजने व लेने वाले हरीराम उर्फ हरीश उर्फ दिनेश जाट, धीरसिंह सुभाष रेवाड़, संजयसिंह लक्ष्मीसिंह व श्रवणकुमार लिखमाराम को वांटेड घोषित किया है।
कुल ₹85.33 लाख का माल जब्त किया गया है, जिसमें शराब, ट्रक, मोबाइल फोन व स्पेयर पार्ट्स शामिल हैं। डिसा ग्रामीण थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



