पालनपुर (बनासकांठा)। स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) पुलिस ने लूणवा के समीप घेराबंदी कर अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के मुख्य सूत्रधार को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने करीब पौने तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की लगड़ी बरामद की है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने अहमदाबाद शहर में दो मकानों के ताले तोड़कर नकबजनी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना पर पालनपुर एलसीबी टीम ने लूणवा के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे राजस्थान निवासी खुशाल सिंह उर्फ अरविंद सिंह चौहान को हिरासत में लिया। जामातलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21.750 ग्राम वजनी सोने की लगड़ी (रणी) मिली, जिसका बाजार भाव करीब 2.93 लाख रुपये आंका गया है। पूछताछ में वह सोने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अहमदाबाद में बंद मकानों को बनाया था निशाना गहन पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अहमदाबाद के सोला थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व के दौरान एक सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात और चांदी के सिक्के चुराए थे। इसके अलावा करीब पच्चीस दिन पूर्व मोटेरा स्थित देवप्रिया सोसायटी में भी ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
कालिंद्री में गलवाए थे चोरी के जेवर वारदात के बाद आरोपी अपने हिस्से में आए सोने के जेवरात लेकर राजस्थान भाग गया था। जहां उसने कालिंद्री में सुनार से गहने गलवाकर सोने की लगड़ी (रणी) तैयार करवा ली थी, ताकि उन्हें आसानी से ठिकाने लगाया जा सके।
बनासकांठा रेंज महानिरीक्षक (आईजी) परीक्षिता राठौड़ तथा जिला पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुंबे के निर्देशन में एलसीबी थानाधिकारी डी.एम. राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी से रिमांड पर पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में गुजरात और राजस्थान में हुई 18 से अधिक नकबजनी की अनसुलझी वारदातों का राजफाश हो सकता है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां