Circle News Network
सिरोही जिले की आबूरोड रीको थाना पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में रची गई करोड़ों रुपए की सनसनीखेज साजिश का मात्र 24 घंटे में पर्दाफाश कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुजरात बॉर्डर पर स्थित मावल चौकी पर सामान्य नाकाबंदी के दौरान शुरू हुआ यह मामला पहले 52.50 लाख की संदिग्ध नकदी जब्ती का लगा, लेकिन कुछ ही घंटों में यह 2 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम में से करीब डेढ़ करोड़ की चोरी का हाई-प्रोफाइल केस निकला। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेयसिंह राठौड़ के निर्देश, एएसपी नरेन्द्रकुमार व डीएसपी जितेन्द्रसिंह के सुपरविजन में रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत की अगुवाई वाली टीम ने दिन-रात एक कर न केवल वारदात की परतें खोल दीं, बल्कि चोरी किए गए 1 करोड़ 35 लाख रुपए बरामद कर दो शातिर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
घटनाक्रम 1: मावल चौकी पर नाकाबंदी में ट्रक पकड़ा, 52.50 लाख की नकदी जब्त होते ही ड्राइवर फरार
अवैध गतिविधियों व वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 15 अक्टूबर 2026 को मावल पुलिस चौकी पर सघन नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान आबूरोड की तरफ से आ रहे एक ट्रक (नंबर GJ-08-AU-7101) को रुकवाया गया। चालक ने पूछताछ में बताया कि गाड़ी में ज्योत फैक्ट्री आबूरोड से पशु आहार के कट्टे भरे हैं और यह लोकल गाड़ी है।
संदेह होने पर थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में जब ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसमें से 52 लाख 50 हजार रुपए की भारी नकदी बरामद हुई। राशि के संबंध में चालक कोई बिल या वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसी दौरान मौका पाकर ड्राइवर बंटी गहलोत पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने पूरी नकदी संदिग्ध मानते हुए जब्त कर ली और जांच शुरू की।

नाकाबंदी व नकदी जब्ती करने वाली पुलिस टीम:
-
लक्ष्मणसिंह चम्पावत (पु.नि. एवं थानाधिकारी, आबूरोड रीको), पुखराज (उनि, आबूरोड रीको), प्रकाश (कानि. न. 55), बाबूसिंह (कानि. न. 742), दिलीपसिंह (कानि. न. 850), जूठाराम (कानि. न. 546), प्रवीणसिंह (कानि. न. 351), राजूराम (कानि. न. 463), ओमप्रकाश (कानि. न. 158)
घटनाक्रम 2: थाने पहुंचा फैक्ट्री मैनेजर तो खुला 2 करोड़ का राज, 24 घंटे में 1.35 करोड़ बरामद व 2 गिरफ्तार
ट्रक जब्ती के बाद मामले में असली मोड़ तब आया जब ज्योत फैक्ट्री आबूरोड के मैनेजर भरत भाई (पुत्र ईश्वर भाई पटेल, उम्र 63 साल, निवासी वालीवास मकतुपुर, थाना ऊंझा, गुजरात) ने रीको थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उन्होंने खुलासा किया कि 14 अक्टूबर को उक्त ट्रक में पशु आहार भरकर ड्राइवर बंटी गहलोत को ऊंझा (गुजरात) भेजा गया था। इसके साथ ही माहिर ट्रेडर्स ऊंझा में माल खरीदने के लिए ड्राइवर को पूरे 2 करोड़ रुपए नकद दिए गए थे। मावल चौकी पर पुलिस ने 52.50 लाख रुपए जब्त कर लिए, जबकि शेष 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपए ड्राइवर बंटी गहलोत अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी कर ले गया।
लक्ष्मणसिंह चम्पावत की टीम का ताबड़तोड़ एक्शन: करोड़ों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज होते ही थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत ने अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने फैक्ट्री से लेकर मावल चेक पोस्ट तक के रास्ते में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की तकनीकी मदद और मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों मुख्य मददगारों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चोरी किए गए 1 करोड़ 35 लाख रुपए नकद बरामद कर लिए। मुख्य आरोपी ड्राइवर बंटी गहलोत की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का पूरा विवरण:
-
सलमान खान पुत्र साहदुलाखान, जाति पठान मुसलमान, उम्र 35 साल, निवासी थानाफली, निचलागढ़, पुलिस थाना आबूरोड सदर, जिला सिरोही
-
इलियास खान पुत्र हयुमखान, जाति पठान मुसलमान, उम्र 38 साल, निवासी थानाफली, निचलागढ़, पुलिस थाना आबूरोड सदर, जिला सिरोही
वांछित आरोपी:
-
बंटी गहलोत पुत्र कादर भाई, जाति मुसलमान, निवासी गांधीनगर, आबूरोड (फरार, तलाश जारी)
इस पूरी कार्रवाई और चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में पुलिस थाना आबूरोड रीको के थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में उप निरीक्षक पुखराज, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्रसिंह, सहायक उप निरीक्षक विमला, हैड कांस्टेबल महावीरसिंह (नं. 326), कांस्टेबल ओमप्रकाश (नं. 158), कांस्टेबल बाबूसिंह (नं. 742), कांस्टेबल प्रकाश (नं. 55), कांस्टेबल दिलीपसिंह (नं. 850), कांस्टेबल वजाराम (नं. 450) तथा साइबर सैल सिरोही के नरेन्द्रकुमार शामिल रहे (साथ ही मावल चौकी पर प्राथमिक नाकाबंदी व जब्ती के दौरान कांस्टेबल जूठाराम नं. 546, कांस्टेबल प्रवीणसिंह नं. 351 एवं कांस्टेबल राजूराम नं. 463 भी टीम का अहम हिस्सा रहे)।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां