सहमति के बाद रानीवाड़ा सरस डेयरी पर धरना समाप्त, एमडी ने मानी मांगें
सर्कल न्यूज नेटवर्क रानीवाड़ा। जालौर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (सरस डेयरी), रानीवाड़ा के मुख्य द्वार पर दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं सचिवों द्वारा कल से जारी धरना मंगलवार को समाप्त हो गया। सरस डेयरी के प्रबंध संचालक (एमडी) डॉ. भरत सिंह चौधरी और सचिव यूनियन के अध्यक्ष सैणीदान चारण के बीच विभिन्न मांगों को लेकर सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता हुई। वार्ता के दौरान एमडी द्वारा सभी प्रमुख मांगों पर सहमति व्यक्त किए जाने के बाद पदाधिकारियों व किसानों को सरस डेयरी की छाछ पिलाकर धरना समाप्त करवाया गया।

वार्ता में इन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति:
-
दूध खरीद दर में बढ़ोतरी: आगामी 16 अक्टूबर 2026 से दूध की खरीद दर ₹900 प्रति किलोग्राम फैट कर दी जाएगी।
-
पाक्षिक भुगतान का समय तय: दिनांक 1 नवंबर 2026 से दूध के पिछले पक्ष का पाक्षिक भुगतान हर महीने की 16 एवं 02 तारीख को नियमित रूप से कर दिया जाएगा।
-
बकाया मार्जिन राशि का भुगतान: राज्य सरकार से एसएमपी (SMP) की बकाया राशि प्राप्त होते ही लगभग एक माह के भीतर समितियों की बकाया मार्जिन राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
-
उपकरण राशि आहरण की स्वीकृति: समिति व बीएमसी स्तर पर आवश्यक उपकरणों हेतु बैंक मार्जिन खाते से राशि आहरण की अनुमति प्रदान कर दी जाएगी।
-
हिस्सा प्रमाण पत्र: समितियों को संघ में उनकी बकाया हिस्सा प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कर दिए जाएंगे।

ये रहे उपस्थित:
धरना समाप्ति और वार्ता के दौरान भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष सोमाराम चौधरी, रान सिंह मीणा, रमेश बिश्नोई, यूनियन अध्यक्ष सैणीदान चारण, अशोक कुमार रूपावटी, शुभ दान चारण सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, विभिन्न दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां