आबूरोड रीको (सिरोही), 05 अक्टूबर 2026। शराब तस्करी के खिलाफ आबूरोड रीको पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को पुलिस ने तस्करी का एक ऐसा तरीका पकड़ा, जिसमें शराब को कचरे के नीचे छुपाकर गुजरात भेजा जा रहा था। नाकाबंदी के दौरान कंटेनर से चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 90 कार्टून जब्त किए गए। जब्त शराब और कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक अजयसिंह राठौड़ (आई.पी.एस.), सिरोही के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्रकुमार और वृताधिकारी वृत आबूपर्वत जितेन्द्रसिंह के निकटतम सुपरविजन में, थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस चौकी मावल पर अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात की ओर जा रहे बंद बॉडी ट्रक कंटेनर नंबर NL-07-AA-4302 को रोका गया और नियमानुसार चेकिंग शुरू की गई।
कंटेनर खोलने पर अंदर प्लास्टिक के कट्टों में अपशिष्ट (कचरा) भरा मिला। पहली नजर में सब सामान्य दिख रहा था, लेकिन ट्रक चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कट्टों को हटाकर जांच की। कचरे से भरे कट्टों के नीचे भारी मात्रा में चंडीगढ़ निर्मित शराब के कार्टून भरे मिले, जिन्हें कचरे की आड़ में छुपाया गया था।
चालक से कंटेनर में भरी शराब के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागज पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने कुल 90 कार्टून शराब और कंटेनर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में क्या बताया
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह शराब ब्यावर से भरी थी और उसे चोटिला (राजकोट), गुजरात ले जाना था। पुलिस अब आरोपी से शराब सप्लायर और पूरे नेटवर्क के संबंध में गहनता से अनुसंधान कर रही है। आगे और खुलासे व गिरफ्तारियों की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: मनोज
- पिता का नाम: लायकसिंह
- जाति: राजपूत
- उम्र: 42 वर्ष
- गांव/निवासी: रानीपुर
- पुलिस थाना: चित्रद्वार
- जिला: आगरा
- राज्य: उत्तरप्रदेश
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक भवानीसिंह, कांस्टेबल प्रकाश (नंबर 55), बाबूसिंह (नंबर 742), जूठाराम (नंबर 546), ओमप्रकाश (नंबर 158), दिनेश (नंबर 463), गोपाल (नंबर 648), प्रवीणसिंह (नंबर 351) और दिनेश (नंबर 91), सभी पुलिस थाना आबूरोड रीको, शामिल रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां