Circle News Network
नई दिल्ली/नागापट्टिनम: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है। तमिलनाडु के नागापट्टिनम जिले के एक तटीय गांव में की गई बड़ी कार्रवाई के दौरान 137 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली क्रिस्टल मेथामफेटामाइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

समुद्र के बीचों-बीच श्रीलंका डिलीवरी की थी तैयारी वित्त मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, DRI को तमिलनाडु तट से मादक पदार्थों की बड़ी खेप तस्करी किए जाने की पुख्ता खुफिया इनपुट मिली थी। इसके आधार पर टीम ने 16 और 17 अक्टूबर को तटीय इलाके में सघन निगरानी व तलाशी अभियान चलाया। जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि तस्कर इस खेप को समुद्र के बीच भारतीय सीमा से श्रीलंका के तस्करों को हैंडओवर करने की फिराक में थे।
सिल्वर फॉयल में पैक मिले 27 पैकेट तलाशी अभियान के दौरान अधिकारियों को मौके से छह बड़े संदिग्ध बैग मिले। इन बैगों को खोलने पर अंदर सिल्वर फॉयल में लिपटे 27 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम था। पैकेटों के भीतर सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था, जिसके उच्च शुद्धता वाले मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई है।
NDPS एक्ट के तहत 4 गिरफ्तार अधिकारियों ने पूरी खेप को 'स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985' (NDPS Act, 1985) के तहत जब्त कर लिया है। इस मामले में संलिप्त 4 तस्करों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी हैं ताकि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां