रानीवाड़ा, वृत्त: रानीवाड़ा के निकटवर्ती कागमाला ग्राम पंचायत के चांडपुरा गांव में गुरुवार की सुबह बिजली विभाग की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी बिजली लाइन के खंभे में करंट प्रवाहित होने से एक ही पशुपालक लक्ष्मण सिंह राजपूत की चार भैंसों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह लक्ष्मण सिंह की भैंसें उनके रिहायशी बेरे के पास घास चर रही थीं। अचानक, पास ही के एक बिजली के खंभे में करंट दौड़ गया। इससे पहले दो भैंसें और बाद में दो और भैंसें इसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में तेज हवा के कारण इंसुलेटर में खराबी आ गई थी, जिससे खंभे में करंट प्रवाहित हो गया।
घटना की खबर मिलते ही आस-पास के ग्रामीण और सरपंच महेंद्र सिंह देवल सहित तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। पुलिस से एएसआई महिपाल सिंह चौहान ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना की रिपोर्ट दर्ज की। पशुपालन विभाग से डॉक्टर नरेंद्र कुमार और पशुधन प्रसार अधिकारी लखमा राम पुरोहित ने भी मौके पर पहुंचकर मृत भैंसों का पोस्टमार्टम किया।
वहीं, विद्युत विभाग से जेईएन हरीश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित पशुपालक और उनके परिवार ने विद्युत विभाग से तत्काल उचित सहायता की मांग की है।
इस दौरान, प्रताप सिंह कागमाला, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सुमेर सिंह, श्रवण सिंह चांडपुरा, जालम सिंह, गोपाल सिंह, नारायण सिंह, मानसिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद मुहैया कराने की अपील की।



