भामाशाहों का हुआ सम्मान, पोशाक पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
सर्कल न्यूज नेटवर्क
कागमाला। शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए साक्षी फाउंडेशन कागमाला ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला के लगभग 225 विद्यार्थियों को निःशुल्क विद्यालय पोशाक वितरित की। पोशाक पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर उत्साह से भर गया।
प्रधानाचार्य नारायण जीनगर ने बताया कि नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 में विद्यालय प्रभारी नरेश पंवार की प्रेरणा से साक्षी फाउंडेशन के अध्यक्ष नेपाल सिंह देवल, श्रवण सिंह भुरटिया, मलाराम देवासी, चुनाराम राणा, जोगेश्वर प्रजापत तथा विद्यालय भवन के भामाशाह जितेंद्र प्रजापत व तेजाराम प्रजापत के सहयोग से विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क विद्यालय पोशाक उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति समाज का यह सहयोग न केवल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाता है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को भी बड़ी राहत प्रदान करता है। कार्यक्रम में विभाग की ओर से दीप सिंह देवल (खंड साक्षरता समन्वयक, रानीवाड़ा) उपस्थित रहे। उन्होंने भामाशाहों के इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज और विद्यालय का ऐसा समन्वय शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों का साफा एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर व्याख्याता रमेश पंचाल, वरिष्ठ अध्यापक प्रकाश कुमार एवं कविता चौधरी, अध्यापक महेंद्र देवासी, चेनाराम, सीता शर्मा, देशराज, पंचायत शिक्षक दुर्जन सिंह, आरती, पायल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भामाशाहों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके इस सहयोग को शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल बताया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां