आहोर तहसील के 11 गांवों को चेतावनी: बहाव क्षेत्र में आवाजाही पर प्रतिबंध, जानें पूरी खबर
जालोर, 30 जुलाई (सर्कल न्यूज नेटवर्क)। जालौर जिले में भारी बारिश के बाद जल संसाधन विभाग ने आहोर तहसील स्थित बांकली बांध के ओवरफ्लो होने की संभावना को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे बांध के डाउन स्ट्रीम (नीचे) के बहाव क्षेत्र और आसपास किसी भी प्रकार की आवाजाही या गतिविधि से बचें, ताकि जान-माल की हानि से बचा जा सके।
जल संसाधन विभाग खंड जालोर के अधिशासी अभियंता विजेश कुमार बालेसा ने बताया कि आहोर तहसील के बांकली ग्राम में स्थित इस बांध की कुल भराव क्षमता 34.55 मिलियन क्यूबिक मीटर (Mcum) और गेज 6.40 मीटर है। बुधवार सुबह 6 बजे तक बांध में 6.096 मीटर पानी जमा हो चुका था और पानी की आवक अभी भी लगातार जारी है।
बालेसा ने आशंका जताई है कि बांध में कोई गेट न होने के कारण, 31 जुलाई, गुरुवार तक बांध के पूरी तरह ओवरफ्लो होने की प्रबल संभावना है।
इन गांवों को विशेष चेतावनी
बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार पानी की आवक को देखते हुए, जल संसाधन विभाग ने बांध के किनारे बसे निम्नलिखित गांवों के आमजन को विशेष रूप से सतर्क किया है:
- पाती
- सिराणा
- रेवड़ा खुर्द
- रेवड़ा कला
- घाण
- बरवा
- ठाकरखेड़ा माजल
- लादिया
- कोटड़ी
- भूरड़
- करमावास
इन सभी गांवों के निवासियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे बांध के नीचे के बहाव क्षेत्र या उसके आसपास किसी भी तरह की गतिविधि न करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



