पंचायती रण में उतरा भाजपा का ‘प्रचार रथ’, जन-जन को बताएगा विकास की कहानी
सर्कल न्यूज नेटवर्क बागरा। आगामी पंचायत राज चुनावों की आहट के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने पार्टी कार्यालय से भाजपा के विशेष 'प्रचार रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ढोल-ढमाकों और कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों के बीच रवाना हुआ यह रथ समूचे विधानसभा क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में जाकर प्रदेश सरकार की नीतियों की अलख जगाएगा।
विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार इस मौके पर विधायक राजपुरोहित ने कहा कि यह प्रचार रथ केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच का सीधा सेतु है। इसके जरिए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक फैसलों और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा आमजन के सामने रखा जाएगा। रथ में आधुनिक प्रचार सामग्री और ऑडियो संदेशों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करने की मुकम्मल व्यवस्था की गई है।
कार्यकर्ताओं से आह्वान: 'अंतिम छोर तक पहुंचाएं सरकार की बात' विधायक ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एकजुट होकर चुनावी समर में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और वे घर-घर दस्तक देकर सरकार की उपलब्धियों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और निष्ठावान कार्यकर्ता मौजूद रहे।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां