सांचौर (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में जालोर में सेवा और समर्पण का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। पूर्व जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह राव बोरली द्वारा संचालित के.बी. राव सेवा संस्थान ने 'गौ-कृषि जीवन अभियान' का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जिन्होंने भगवा पताका लहराकर इस अभियान को गति दी।

कार्यक्रम का आगाज गौमाता के पूजन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि देवनानी और गहलोत ने अपनी उपस्थिति से इस पवित्र कार्य को और भी गरिमामय बना दिया। मंचस्थ अतिथियों का भव्य स्वागत साफा और दुपट्टा पहनाकर किया गया, जिसने मारवाड़ की परंपरा और संस्कृति को दर्शाया।
सेवा के प्रकल्प: 15 हजार पौधारोपण और 75 कन्याओं को सुकन्या समृद्धि का लाभ
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवाभाव का एक अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विशेष रूप से 15,000 पौधारोपण और 75 कन्याओं को सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 18 वर्ष की आयु तक प्रतिवर्ष ₹1,100 का सहयोग देने की पहल को अनुकरणीय बताया। देवनानी ने कहा कि संस्थान के ऐसे कार्य समाज में सेवा के भाव को और अधिक मजबूत करेंगे।

राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाया है, उसी तरह के.बी. राव सेवा संस्थान ने भी कई सेवा प्रकल्प चलाकर उस पथ का अनुसरण किया है। उन्होंने 'गौ-कृषि जीवन' अभियान को इसी कड़ी का एक प्रशंसनीय हिस्सा बताया।
'यह केवल आज की पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाले कल के लिए भी अमर प्रेरणा है'
जालोर के जिला कलेक्टर प्रदीप गवांडे ने इस पहल को 'सेवा का तीर्थ' बताते हुए कहा, "यह केवल आज की पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाले कल के लिए भी अमर प्रेरणा है।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब ये पौधे वृक्ष बनकर छाया देंगे और ये कन्याएं आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ेंगी, तब यह संकल्प भारत के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।

'संघ की शताब्दी उत्सव नहीं, कार्य की गति को बढ़ाने का अवसर है'
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह खींमाराम भाईसाहब ने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर जोर दिया और जालोर जिले की सभी गौशालाओं में 15,000 पौधारोपण के लक्ष्य को एक नया कीर्तिमान बताया। उन्होंने संघ की शताब्दी के संदर्भ में कहा कि यह उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि कार्य की गति को कई गुना बढ़ाने का अवसर है।

अभियान के सूत्रधार श्रवणसिंह राव बोरली ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, गौ सेवा के साथ-साथ जैविक कृषि को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल देश को पुनः वैभव सम्पन्न बनाने की दिशा में एक प्राथमिक आवश्यकता है।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जालोर जिला कलेक्टर प्रदीप के. गवांडे, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल, राव मोहनसिंह चितलवाना, पूर्व राज्यमंत्री धन्नाराम पुरोहित, पथमेड़ा संत विट्ठलकृष्ण महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह खींमाराम भाईसाहब, जिला प्रमुख राजेश राणा, नवनीत राजपुरोहित, सेवानिवृत्त जिला कलेक्टर मोड़सिंह गोहिल, पूर्व जिला प्रमुख वन्नेसिंह गोहिल, सांचौर प्रधान प्रतिनिधि हरचंद पुरोहित, व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश सीलू सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां