सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने आज जोधपुर में आकाशवाणी केंद्र का औचक दौरा किया। उन्होंने न केवल प्रसारण गतिविधियों की समीक्षा की, बल्कि अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करके केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए मल्टीमीडिया प्लेटफॉर्म और नवीन तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया।

जाजू ने स्पष्ट किया कि सूचना संप्रेषण की सफलता सभी विभागों के सामूहिक प्रयास पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं, सामाजिक कल्याण और विकास पहलों की सही जानकारी जनता तक पहुँचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ग्रामीण और युवा वर्ग पर फोकस
सचिव ने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों तक प्रसारण की पहुँच बढ़ाई जाए। उन्होंने युवा वर्ग को जोड़ने के लिए विशेष रूप से प्रेरणात्मक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के निर्माण पर बल दिया। इसके अलावा, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के साथ समन्वय बनाकर व्यापक श्रोता वर्ग तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
इस दौरान अधिकारियों ने सचिव को प्रसारण में उपयोग हो रही नवीन तकनीक और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जाजू ने स्थानीय जनसरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया।
इस दौरे के समय आकाशवाणी के उप महानिदेशक राजेंद्र नाहर, पत्र सूचना कार्यालय के मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और कर्मचारीगण मौजूद रहे।



