स्कार्पियो सवार दो शातिर बदमाश दबोचे गए, जोधपुर पुलिस के हवाले
Circle News Network भुज (कच्छ)। राजस्थान के जोधपुर में हनीट्रैप का जाल बुनकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले दो शातिर बदमाशों की फरारी आखिरकार कच्छ की सीमा में खत्म हो गई। पश्चिम कच्छ की लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाते हुए इन दोनों वॉन्टेड आरोपियों को एक सफेद स्कार्पियो गाड़ी के साथ धर दबोचा।
हुस्न के फंदे में फंसाकर ऐंठते थे रकम पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोधपुर निवासी 24 वर्षीय मनोज बाबूलाल बिश्नोई और 22 वर्षीय मांगीलाल भगवानाराम बिश्नोई के रूप में हुई है। इन दोनों के खिलाफ जोधपुर थाने में अपराध संख्या 160/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 308(2) व आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(E) में गंभीर मामला दर्ज था। वारदात के बाद से ही दोनों पुलिस की आंखों में धूल झोंककर गुजरात के कच्छ इलाके में पनाह लिए हुए थे।
सटीक मुखबिरी और घेराबंदी पश्चिम कच्छ LCB को भनक लगी कि राजस्थान के दो वांछित अपराधी कच्छ में ठिकाना बदले घूम रहे हैं। सटीक सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा स्कार्पियो कार और दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जोधपुर पुलिस को सौंपा LCB ने प्राथमिक पूछताछ और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को राजस्थान पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में एएसआई अनिरुद्ध सिंह राठौड़, हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र भाई रावल, शक्तिसिंह गढ़वी और रणजीत सिंह जाडेजा की विशेष भूमिका रही।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां