सामाजिक दबाव में आत्महत्या का दावा, तीन दिन बाद सामने आया सच
बागोड़ा: कस्बे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और फिर आत्महत्या का नाटक रचा। शुरुआत में इस मामले को सामाजिक दबाव में आत्महत्या समझा गया, लेकिन तीन दिन बाद पत्नी ने खुद सच उजागर कर दिया।
हत्या को आत्महत्या साबित करने की कोशिश
पुलिस निरीक्षक हुकमाराम ने बताया कि दुदाराम पुत्र लालाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई नरसी राम 25 मई की रात अपने घर में मृत पाए गए। पत्नी माफी ने पहले दावा किया कि नरसी राम ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। समाज के कहने पर परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया और पुलिस में रिपोर्ट नहीं दी।
तीसरे दिन जब समाज और परिजनों ने माफी पर सच बताने का दबाव बनाया, तो उसने स्वीकार किया कि उसका गांव के ही सांवलाराम पुत्र जैसाराम से पिछले पांच वर्षों से अवैध संबंध था। घटना वाली रात सांवलाराम उसके घर आया था। जब नरसी राम को दोनों के संबंधों का पता चला, तो सांवलाराम ने उसके सिर पर पीछे से लाठी मार दी जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे कुछ खिलाकर फांसी पर लटका दिया गया ताकि आत्महत्या का भ्रम बनाया जा सके।
पुलिस जांच और परिवार पर संकट
माफी ने आगे बताया कि वह इस घटना से भयभीत थी और सांवलाराम की धमकी के कारण उसने झूठ बोला कि उसके पति ने खुद आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
नरसी राम की दो बेटियां हैं, निकु (5) और साक्षी (1), जो इस घटना के बाद अनाथ हो गई हैं। नरसी राम ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां