सायला/जालौर.
गैराज में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सायला थाना पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चुराया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और वारदातों के निस्तारण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा व वृत्ताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में सायला थानाधिकारी सुरेंद्रसिंह के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक रूपाराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
यह था मामला
पुनावास निवासी प्रार्थी हनीफखान पुत्र वरदेखान जाति कोटवाल मुसलमान ने सायला थाने में रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट में बताया कि देताकलां सरहद पर नायरा पेट्रोल पंप के पास स्थित बंद गैराज से 25 अगस्त 2026 से लगातार गाड़ियाँ रिपेयरिंग का सामान, ऑयल, ग्लैंडर, पॉलिश करने की मशीन आदि सामान कोई अज्ञात चोर चुरा कर ले गया। रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) व 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऐसे मिला सुराग, जेल भेजा
सहायक उपनिरीक्षक रूपाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने आसूचना संकलन कर संदिग्ध देताकलां निवासी कृष्णदास (25) पुत्र बाबूदास जाति संत को दस्तयाब कर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया। आरोपी को 12 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा (जेसी) में भेज दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक रूपाराम, कांस्टेबल अशोक कुमार (890), लक्ष्मणराम (332), भजनलाल (996) और गेमूरराम (420) शामिल रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां