सर्कल न्यूज़ नेटवर्क | बागौड़ा
जालोर जिले के बागौड़ा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए फरार होने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बिना नम्बरी ब्लैक स्कार्पियो एन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मामले के अनुसार, मोटाराम गोदारा आरपीएस एएसपी जालोर के निर्देशानुसार एवं शंकरलाल वृताधिकारी वृत्त भीनमाल के निकटतम सुपरविजन में बलदेवराम निपु. थानाधिकारी बागौड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। बीती 22 जून 2026 को तड़के करीब 04:20 बजे मेड़ा उम्मेद पेट्रोल पंप पर एक बिना नम्बरी ब्लैक स्कार्पियो एन गाड़ी आई, जिसमें चालक ने 6300 रुपये का डीजल भरवाया और पैसे दिए बिना ही मौके से रफूचक्कर हो गया। पंप कर्मचारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 83 दिनांक 22.06.2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जाल बिछाया और फरार चालक अनोप पुत्र कालुराम जाति विश्नोई, उम्र 18 साल, निवासी सिवाड़ा, पुलिस थाना चितलवाना को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई ब्लैक स्कार्पियो एन (रजिस्ट्रेशन नंबर आरजे 08 सीबी 8777) को डिटेन कर लिया है। इस कार्रवाई में बलदेवराम निपु., राजुराम सउनि., प्रभुराम कानि. 68 थाना बागौड़ा एवं त्रिलोकसिंह हैडकानि. 869 एसपीओ जालोर शामिल रहे।



