एटीएस जोधपुर और रानीवाड़ा पुलिस की बड़ी संयुक्त कार्रवाई, गुजरात के डॉक्टर और मेडिकल संचालक सहित छह तस्कर गिरफ्तार
सर्किल न्यूज नेटवर्क
रानीवाड़ा (जालोर)।
जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एटीएस जोधपुर और रानीवाड़ा पुलिस ने रविवार को बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। मालवाड़ा चार रास्ता से भीनमाल जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मारुति एर्टिगा कार से भारी मात्रा में एनडीपीएस घटकयुक्त 27,204 नशीली टैबलेट्स जब्त की गईं। पुलिस ने मौके से मुख्य सरगना चिकित्सक और मेडिकल स्टोर संचालक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचोर और वृताधिकारी रानीवाड़ा के सुपरविजन में यह कार्रवाई एटीएस जोधपुर से मिले गोपनीय इनपुट के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही रानीवाड़ा थानाधिकारी जीतसिंह और एटीएस जोधपुर के सहायक उपनिरीक्षक बुद्धराज चौधरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मालवाड़ा चार रास्ता पर नाकाबंदी की। इस दौरान गुजरात नंबर की एर्टिगा कार (GJ 12 DM 8391) को रोककर तलाशी ली गई।
गाड़ी में छह लोग सवार थे और एनडीपीएस घटकयुक्त दवाइयों की मौजूदगी की प्रबल संभावना पर वाहन को संदिग्धों सहित थाने लाया गया। इसके बाद जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी पुष्पा सोलंकी को मौके पर बुलाकर दवाओं का सघन तकनीकी परीक्षण कराया गया। जांच में अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, पैरासिटामोल व प्रोप्रानोलोल सॉल्ट युक्त कुल 70 विभिन्न प्रकार की 27,204 प्रतिबंधित टैबलेट्स पाई गईं। वाहन में सवार किसी भी व्यक्ति के पास इन दवाओं के परिवहन, खरीद-बिक्री का कोई वैध लाइसेंस अथवा कागजात नहीं मिला। इस पर दवाओं व वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
बड़ी कार्रवाई:
- बड़ी कार्रवाई: एटीएस जोधपुर व रानीवाड़ा पुलिस ने पकड़ी 27,204 नशीली गोलियां
- डॉक्टर गिरफ्तार: सफेद कोट की आड़ में गुजरात से राजस्थान पहुंचाई जा रही थी नशे की खेप
- तस्करों का नेटवर्क: पालनपुर का डॉक्टर और मेडिकल संचालक समेत 6 आरोपी दबोचे, एर्टिगा जब्त
- प्रतिबंधित दवाएं बरामद: अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल सॉल्ट की 70 प्रकार की टैबलेट्स बरामद
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- देवेंद्र चौधरी पुत्र मावजी भाई, उम्र 46 वर्ष, पेशा- डॉक्टर, निवासी- पालनपुर, पुलिस थाना पालनपुर ईस्ट, जिला बनासकांठा (गुजरात)
- नरेश भाई पुत्र कानजी भाई कोली, उम्र 35 वर्ष, पेशा- ड्राइवर, निवासी- मलाना, पुलिस थाना पालनपुर, जिला बनासकांठा (गुजरात)
- राहुल पुत्र रमेश भाई, उम्र 26 वर्ष, निवासी- तिरूपति बंगलोज, आकेसण रोड, पालनपुर, पुलिस थाना पालनपुर ईस्ट, जिला बनासकांठा (गुजरात)
- बेलिम इरफान पुत्र इस्माईल भाई, उम्र 35 वर्ष, निवासी- वीरभाई गेट, खोडा लिमडा, पालनपुर, जिला बनासकांठा (गुजरात)
- साहिलेश चौधरी पुत्र रतनसिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी- धरा, पुलिस थाना वाव, जिला बनासकांठा (गुजरात)
- साहिवाल जोशी पुत्र नटवरलाल जोशी, उम्र 48 वर्ष, पेशा- मेडिकल स्टोर संचालक, निवासी- 26, स्वास्तिक सोसायटी, जगाना रोड, पालनपुर, जिला बनासकांठा (गुजरात)
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- पुलिस थाना रानीवाड़ा टीम: उपनिरीक्षक व थानाधिकारी जीतसिंह, सहायक उपनिरीक्षक राजुराम, हेड कांस्टेबल पुनमाराम (432), कांस्टेबल पुराराम (580), कांस्टेबल प्रभुराम (68), कांस्टेबल रामनिवास (287), कांस्टेबल श्रवण कुमार (463), कांस्टेबल बुद्धाराम (1013)।
- एटीएस जोधपुर टीम: सहायक उपनिरीक्षक बुद्धराज चौधरी, कांस्टेबल रूपाराम (178), कांस्टेबल सवाईसिंह (93)।
- औषधि नियंत्रण विभाग: पुष्पा सोलंकी (जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी, जालोर)।



