राजस्थान ANTF के 'ऑपरेशन नाम्नाविलोम' के जाल में फंसा भीलवाड़ा MD फैक्ट्री कांड का चौथा सरगना; मध्य प्रदेश के मंदसौर से दबोचा
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क जयपुर/भीलवाड़ा। नशे के सौदागरों के खिलाफ राजस्थान पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का कहर लगातार जारी है। भीलवाड़ा के बिजौलिया इलाके में पकड़ी गई अवैध एमडी (MD) फैक्ट्री मामले में पिछले तीन महीनों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर प्रकाश आंजना को ANTF ने मध्य प्रदेश के मंदसौर से धर दबोचा। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा व एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में चलाए गए 'ऑपरेशन नाम्नाविलोम' के तहत आईजी विकास कुमार की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
चौथी कक्षा तक पढ़े 37 वर्षीय प्रकाश आंजना ने शराब के ठेकों में घाटा होने के बाद मोटी कमाई के लालच में एमडी फैक्ट्री में कच्चे माल की सप्लाई का जिम्मा संभाला था। जून महीने में बिजौलिया के चम्पापुर में भंवर बंजारा के मकान पर पुलिस की दबिश में 36.550 किलो एमडी, केमिकल और उपकरण बरामद हुए थे। तब से ही प्रकाश अपना गांव और मोबाइल छोड़कर नाते-रिश्तेदारों के यहां फरारी काट रहा था।
ANTF की टीम को जब उसके शराब पीने के शौकीन होने का पता चला, तो ढाबे पर पार्टी करते समय उसे घेर लिया गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना नाम रामसिंह धाकड़ बताया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसकी चालाकी धरी रह गई। इससे पूर्व ANTF 'ऑपरेशन मदार्कभ', 'ऑपरेशन M-कैटबुआ' व 'ऑपरेशन बबलमेमार' के तहत मुख्य आरोपी सुखलाल, राहुल व भारतसिंह को जेल भेज चुकी है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां