जालोर जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र में बुधवार देर रात भीनमाल-रानीवाड़ा हाइवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कागमाला चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे दो राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीवाड़ा लाया गया, जहां इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में गुजरात रेफर किया गया। मगर रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हड़मताराम भील निवासी डाडोकी और हरकाराम भील निवासी बिलड़ के रूप में हुई है। दोनों अपने खेत से घरेलू सामान लाने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को रानीवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
लेकिन गुरुवार सुबह हालात बिगड़ गए। हादसे की सूचना पर बड़ी संख्या में भील समाज के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों और समाजजनों ने अज्ञात वाहन चालक को पकड़ने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। लोगों का कहना था कि जब तक वाहन जब्त नहीं किया जाता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक भवानी सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों व समाज प्रतिनिधियों से समझाइश की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस टीम वाहन चालक को 5 दिन के भीतर पकड़ने का पूरा प्रयास करेगी। आश्वासन के बाद परिजन शव उठाने पर राजी हुए और दोनों का पोस्टमार्टम करवाया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि हाईवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन पुलिस गश्त और ट्रैफिक नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। क्षेत्रवासियों ने हाइवे पर स्पीड कंट्रोल और सीसीटीवी लगाने की मांग भी की है।
“सर्कल न्यूज़ स्टाइल” से रिपोर्ट



