चांदूर। चाँदूर में हर साल की तरह इस बार भी गरबा महोत्सव को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। श्री अंबिका नवयुवक मंडल इस ऐतिहासिक परंपरा को पूरी श्रद्धा और जोश के साथ आगे बढ़ा रहा है। मंडल के प्रयासों से चाँदूर में गरबा महोत्सव की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
नवयुवक मंडल के अध्यक्ष पेपसिंह चौहान ने बताया कि गरबा महोत्सव की यह गौरवशाली परंपरा साल 1995 से पहले से चली आ रही है। इतने सालों बाद भी समाज में वही जोश और उमंग बरकरार है, जो इस आयोजन को और भी खास बनाता है। यह महोत्सव सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, एकता और हमारी समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा देने का एक जरिया है।
इस साल भी बड़ी तादाद में युवा और स्थानीय लोग इस भव्य आयोजन में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। गरबा मंडल के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इस महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में गरबा खेलने वाले युवक-युवतियों के साथ-साथ हर उम्र के लोग हिस्सा लेते हैं। गरबा की मधुर धुन और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है।
चाँदूर का यह गरबा महोत्सव सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यहाँ की पहचान बन गया है। यह हमारी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां