पूर्व विधायक देवल ने किया शुभारंभ, जसवंतपुरा में 2 करोड़ की लागत से बनेगा बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय, 2 अप्रैल को होगी घुड़दौड़
रानीवाड़ा (जालोर)। क्षेत्र के ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र सेवाड़िया स्थित श्री आपेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में रविवार को वार्षिक पशु मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्राचीन परंपराओं का निर्वहन करते हुए समारोह के दौरान बैलों का विधि-विधान से पूजन किया गया और मुख्य मेला स्थल पर ध्वजारोहण कर मेले की शुरुआत की गई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल मौजूद रहे।

पशुपालकों के लिए बड़ी सौगात
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालकों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि राजस्थान में ‘श्वेत क्रांति’ को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप जसवंतपुरा में 2 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय स्वीकृत किया गया है। देवल ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए बताया कि सांचौर-रानीवाड़ा- मंडार सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 535 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। साथ ही, भील समाज के शैक्षिक उत्थान के लिए 38 करोड़ की लागत से एकलव्य आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।

मेले के मुख्य आकर्षण और प्रतियोगिताएं
मेला आयोजन समिति ने जानकारी दी कि मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और ग्रामीण खेल आयोजित होंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 2 अप्रैल को होने वाली ‘विशाल घुड़दौड़’ और पशु प्रतियोगिताएं होंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को रावत मानवेंद्र सिंह (बड़गांव) द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
मेले में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। रानीवाड़ा पुलिस उपाधीक्षक भवानी सिंह इंदा ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए हैं। उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में पशुपालक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूर्व विधायक ने पशुपालकों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और मेले में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर विकास अधिकारी हेमलता बिश्नोई, पूर्व प्रधान राघवेंद्र देवड़ा, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर गणपत चौधरी, सहित कई मौजूद रहे।



