सरनाऊ। सर्कल न्यूज़ नेटवर्क। 1 नवंबर 2025। जालोर जिले के सरनाऊ स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज ‘हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय और राष्ट्रहित में कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्कूल के प्रति अपनत्व की भावना जगाने और उसे केवल एक इमारत नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा, समर्पण और संस्कार का तीर्थ बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि वे विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित और हरित बनाए रखेंगे। साथ ही, विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा और संरक्षण पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के तहत, बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समान माहौल बनाने, चरित्र निर्माण पर ध्यान देने और समाज सेवा को शिक्षा का अभिन्न अंग मानने की शपथ ली गई। विद्यार्थियों ने कहा कि विद्यालय उनके लिए सिर्फ एक संस्थान नहीं, बल्कि उनकी आत्मा का अभिमान और राष्ट्र निर्माण का आधार है।
इस अवसर पर संस्था प्रधान भगराज बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संस्कारवान बनने का संदेश दिया। व्याख्याता मोहनलाल सारण ने अनुशासन और विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। व्याख्याता दिनेश पुरोहित ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को संकल्प की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें छोगाराम देवासी, श्रवण कुमार, भंवरलाल सारण, धौलाराम, भीखी बिश्नोई, भीखाराम बिश्नोई, राजू राम सारण, लाइब्रेरियन हरिराम बिश्नोई, शांता देवासी, निरमा विश्नोई, सुजानाराम, दिनेश गुलसर, नरपत गुलसर और विजय कुमार शामिल थे। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी मौजूद रहे।



