CBEO मंजू प्रतिभा ने दिखाई हरी झंडी, महेंद्र सिंह देवल ने रिबन काटकर किया रैली का शुभारंभ; मेधावी छात्रा गुड़िया कंवर का हुआ सम्मान
कागमाला (रानीवाड़ा)। स्थानीय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला में नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के आगाज के साथ ही 'प्रवेशोत्सव' कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। बालिका शिक्षा के प्रति समाज में चेतना जगाने और नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला।
प्रतिभाओं का सम्मान और नवागंतुकों का स्वागत
रैली से पूर्व विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) रानीवाड़ा, श्रीमती मंजू प्रतिभा ने विद्यालय में नव-प्रवेशित 25 बालक-बालिकाओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान कक्षा दसवीं में 93.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्रा गुड़िया कंवर को साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

प्रशासक महेंद्र सिंह देवल ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम पंचायत कागमाला के प्रशासक ठाकुर महेंद्र सिंह देवल ने रिबन काटकर रैली का विधिवत शुभारंभ किया। उनके साथ सीबीईओ मंजू प्रतिभा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर महेंद्र सिंह देवल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए ग्रामवासियों से अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।

गांव की गलियों में गूंजे शिक्षा के नारे
प्रधानाचार्य नारायण लाल जीनगर के नेतृत्व में रैली विद्यालय परिसर से रवाना होकर गांव के मुख्य मार्गों और चाण्डपुरा गांव तक पहुंची। रैली में चार गाड़ियाँ, प्रवेशोत्सव बैनर और अव्वल विद्यार्थियों के पोस्टर आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं ने "बालिका शिक्षा को बढ़ावा दें" और "बेटी पढ़ाओ, देश बढ़ाओ" जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में साक्षी फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री नेपाल सिंह देवल, खंड साक्षरता समन्वयक श्री दीपसिंह देवल, पीईईओ श्री शैलेष कुमार सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे। देवल परिवार और अन्य अतिथियों ने अभिभावकों से सीधा संवाद कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की।
इस दौरान विद्यालय स्टाफ से नरेश पंवार, रमेश पंचाल (व्याख्याता), महेंद्र देवासी, चेनाराम, सीता देवी शर्मा, लीलाराम गहलोत सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और ग्रामवासी मौजूद रहे।
अपील: अपने आसपास की किसी भी बेटी को शिक्षा से वंचित न रहने दें, आज ही सरकारी विद्यालय में प्रवेश दिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां