अधूरा काम, पूरी वसूली! स्थानीय लोगों से भी टोल वसूली से नाराजगी, क्या प्रशासन रोकेगा 'जन-सैलाब'?
जालोर, 26 जुलाई। रानीवाड़ा-रामसीन वाया भीनमाल राज्यमार्ग पर आज से टोल वसूली शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों में जबरदस्त आक्रोश भड़क उठा है। भले ही इस राज्यमार्ग का विधिवत शुभारंभ अभी बाकी हो, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग ने 90 फीसदी काम पूरा होने का हवाला देते हुए टोल वसूली की हरी झंडी दे दी है। मगर, जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। भीनमाल और कोडी के रेलवे ब्रिज अभी भी अधूरे हैं, और सड़क का काम भी पूरी तरह से मुकम्मल नहीं हुआ है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या यह वसूली न्यायसंगत है?
अधूरे काम पर पूरी वसूली, स्थानीय लोगों पर 'अन्याय'!
कागमाला निवासी नेपालसिंह देवल ने इस 'अन्यायपूर्ण' वसूली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क का पूरा काम नहीं हुआ है, और दो महत्वपूर्ण रेलवे क्रॉसिंग के पुल अधूरे हैं, तो वाहन संचालकों से टोल वसूलना जल्दबाजी क्यों है? उन्होंने सबसे बड़ा मुद्दा उठाया है स्थानीय वाहन मालिकों और ग्रामीणों से टोल वसूली का! देवल ने बताया कि राज्य के कई टोल नाकों पर स्थानीय लोगों को रियायत दी जाती है या उनका टोल माफ होता है, तो फिर कोटड़ा टोल पर यह नियम क्यों नहीं लागू हो रहा? यह सीधे तौर पर स्थानीय जनता के साथ भेदभाव है।

मासिक पास का 'लॉलीपॉप' और विरोध की चिंगारी
नेपालसिंह देवल ने बताया की लोकल वाले इशू पर टोल इंचार्ज प्रवीण परिहार का यह कहना कि स्थानीय वाहन मालिकों के लिए 300 रुपये मासिक पास की व्यवस्था है, ग्रामीणों को रास नहीं आ रहा। यह एक तरह का 'लॉलीपॉप' है, जब उन्हें रियायत या छूट मिलनी चाहिए। इस मुद्दे पर स्थानीय लोगों में विरोध की चिंगारी अब आग का रूप ले रही है।
कल सुबह 9 बजे टोल नाके पर 'महापंचायत', प्रशासन अलर्ट!
सोशल मीडिया पर जबरदस्त लामबंदी चल रही है! खबर है कि कल, रविवार सुबह 9 बजे के आसपास कोटड़ा टोल नाके पर आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोग इकट्ठा होंगे। यह एक तरह से टोल के खिलाफ 'महापंचायत' होगी, और प्रशासन इस संभावित भीड़ को देखते हुए पूरी तरह से अलर्ट हो गया है।

राजनीति की 'धार' तेज, जनता की आवाज कौन सुनेगा?
इस मुद्दे को लेकर कई नेताओं ने अपनी 'नेतागिरी की धार' भी तेज करनी शुरू कर दी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये नेता सिर्फ अपनी राजनीति चमका रहे हैं, या वाकई स्थानीय जनता की आवाज बनकर सामने आते हैं।
सर्कल न्यूज़ आपसे अपील करता है कि आप इस खबर को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं, ताकि स्थानीय लोगों की यह जायज मांग प्रशासन तक पहुंचे। हमें उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में तुरंत संज्ञान लेगा और स्थानीय लोगों को न्याय मिलेगा।

(आप देख रहे हैं सर्कल न्यूज़ (9829441487), ऐसी ही खबरों के लिए आप हमारे चैनल से जुड़ें, सब्सक्राइब, शेयर, लाइक और अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जाहिर करें। जय हिंद! जय भारत!)







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां