पातालेश्वर मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा प्रवासियों का सैलाब; अपनी नेक कमाई से संवारेंगे गांव की शिक्षा का भविष्य
भीनमाल/कोटड़ा। गांव की मिट्टी का कर्ज चुकाने और शिक्षा के मंदिर को आधुनिक बनाने के संकल्प के साथ प्रवासी बंधुओं ने एक बार फिर मिसाल पेश की है। ग्राम कोटड़ा में आयोजित पातालेश्वर मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पावन अवसर पर पहुंचे प्रवासी भामाशाहों ने राजकीय विद्यालय के भौतिक विकास के लिए 2.51 लाख रुपये की ऐतिहासिक घोषणा कर ग्रामीणों का दिल जीत लिया।

वरिष्ठ भामाशाह खीचड़ परिवार का बड़ा योगदान
दक्षिण भारत में सफल व्यवसाय संचालित करने वाले वरिष्ठ भामाशाह हनुमाना राम/फगलुराम खीचड़ ने विद्यालय की उन्नति को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और विकास कार्यों हेतु 2,51,000/- रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इस सेवा कार्य में उनके भाई गंगा राम खीचड़ भी सहभागी रहे। खीचड़ परिवार पूर्व में भी गांव के सामाजिक और शैक्षिक सरोकारों में अग्रणी रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने सराहा
कार्यक्रम में पहुंचे आबूरोड बीडीओ नवला राम चिलका ने विद्यालय परिसर का अवलोकन कर वहां उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया। वहीं जाट समाज भीनमाल के अध्यक्ष मेघा राम गोदारा ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि विद्यालय का वर्तमान स्वरूप आने वाली पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस गौरवपूर्ण अवसर पर ग्राम पंचायत कोटड़ा सरपंच सही राम, प्रधानाचार्य गिरधारी लाल, भामाशाह मल्ला राम खीचड़, बाबूलाल चिलका, भामाशाह खेराज राम गोदारा, उप-प्रधानाचार्य रघुनाथा राम सहित समस्त विद्यालय स्टाफ और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भामाशाहों के इस सहयोग को शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।



