गणतंत्र दिवस पर सरनाऊ के पीएम श्री विद्यालय में हुआ ऐतिहासिक शिलान्यास और भव्य लोकार्पण समारोह
सरनाऊ (सांचौर)। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की लौ जलाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ, गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सरनाऊ में एक ऐतिहासिक विकास कार्य का शुभारंभ हुआ। स्वर्गीय सुन्दर देवी और स्वर्गीय छोगालाल जैन की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र मफतलाल जैन, पौत्र केशरीमल जैन एवं अशोक जैन व समस्त परिवार की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरनाऊ में मुख्य प्रवेश द्वार और आठ नवनिर्मित भवनों का शिलान्यास कर विद्यालय परिवार को सुपुर्द किया गया।

भामाशाह परिवार का जोरदार स्वागत
शिक्षा के क्षेत्र में इस अभूतपूर्व योगदान के लिए ग्रामवासियों और विद्यालय परिवार ने भामाशाह परिवार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने मफतलाल जैन और उनके परिवार का साफा, माला एवं पटू ओढ़ाकर तहे दिल से भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों का मानना है कि इन आधुनिक सुविधाओं से क्षेत्र के बच्चे अब बेहतर माहौल में पढ़ाई कर सकेंगे और गांव, समाज व देश का नाम रोशन करेंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि और विशिष्ट जन
शिलान्यास समारोह के मुख्य अतिथि मफतलाल जैन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवरलाल विश्नोई ने की। इस गरिमामयी अवसर पर कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे:
- विशिष्ट अतिथि: नरेश जैन (अध्यक्ष, नगरपालिका सांचौर)
- प्रमुख उपस्थिति: शंकर देवासी (पूर्व जिला परिषद सदस्य, जालौर), प्रवीण विश्नोई (जिला परिषद सदस्य, जालौर)
- स्थानीय जनप्रतिनिधि: श्रीमती ऐलची देवी विश्नोई (सरपंच प्रशासक, सरनाऊ), लाधुराम सुथार (उप सरपंच)
- समाजसेवी व गणमान्य: गौतमचंद जैन, महावीर जैन, दिनेश गोदारा, वरिगाराम (पूर्व सरपंच), चतराराम, धौलाराम और मोहन गुलसर।
शिक्षा के प्रति नई उम्मीद
विद्यालय के प्रधानाचार्य भगराज और समस्त विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ भवनों की पट्टिकाओं का अनावरण किया गया। भामाशाह परिवार के इस पुण्य कार्य की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय में बैठने की बेहतरीन सुविधा मिलने से नामांकन में वृद्धि होगी और विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर भी सुधरेगा।
समस्त ग्राम वासियों ने एक स्वर में भामाशाह परिवार के इस परोपकारी कदम की सराहना करते हुए उनका कोटि-कोटि आभार प्रकट किया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां