स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, साफ और स्वच्छ रखने के दिए निर्देश
रानीवाड़ा। सांचौर कलेक्टर शक्तिसिंह राठौड़ ने गुरूवार को सवेरे 11 बजे जिले के बड़गांव स्थित सरकारी प्राइमरी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। हॉस्पिटल में साफ सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल के पीएमओ को निर्देश दिए गए। कलेक्टर राठौड़ ने मरीज काउंटर पर्ची पर दवाई के वितरण व्यवस्थाओं को भी ठीक करने के लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान लेबर रूम की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और लक्ष्य सर्टिफिकेशन को मानक मानकर अनुसरण करने के साथ ही मरीजों के बैठने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। टॉयलेट की साफ सफाई, हैंडवाश और बैड पर मरीज चार्ट लगाते हुए उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए।

चिकित्सा कार्मिकों के साथ बैठक में कलेक्टर राठौड़ ने आयुष्मान योजना की समीक्षा करते हुए हॉस्पिटल व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार की निशुल्क दवाई वितरण व्यवस्था को लेकर भी काउंटर पर मौजूद कार्मिक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और मरीजों को दवाई लेने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए व्यवस्थित तरीके से दवाई वितरण व्यवस्था को लेकर निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी उनकी कुशलक्षेम पूछी। उनके परिजनों से समस्याओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने रोगियों से पूछा कि उपचार के लिये किसी तरह का शुल्क तो नहीं लिया जा रहा है? चिकित्सक समय पर उपचार कर रहे हैं या नहीं? इस पर रोगियों ने अवगत करवाया कि हॉस्पिटल में उपचार सुविधाएं बेहतर हैं। उपचार के लिये कोई शुल्क नहीं लिया गया और स्टाफ भली भांति उपचार कर रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई डॉक्टर अस्पताल समय में अपने घर पर प्रेक्टिस करता है तो ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। चिकित्साकर्मियों को निर्देशित किया, कि वे हॉस्पिटल में उपचार के लिए आने वाले ग्रामीणों के बेहतर चिकित्सा प्रबंधन, दवाइयों की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था आदि सुनिश्चित करें।
इस दौरान उपखंड अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार हनवंतसिंह,उप सरपंच इच्छवाकुसिंह देवड़ा,ठब्डव् गणपतलाल सहित सभी अधिकारी रहे मौजूद।



