जालोर: सांचौर और रानीवाड़ा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियों के बीच आज कांग्रेस की दो महिला प्रत्याशियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों प्रत्याशियों ने समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों के भारी हुजूम के साथ अपनी उम्मीदवारी का पर्चा भरा।
वार्ड संख्या 8: ममता बिश्नोई ने उठाया जिला रद्द होने का मुद्दा
सांचौर क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 से कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार ममता कुमारी बिश्नोई (पुत्री संजय कुमार बिश्नोई, निवासी चितलवाना) ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए ममता बिश्नोई ने सांचौर जिला रद्द किए जाने के फैसले पर तीखा आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा, "सांचौर जिले का दर्जा छीने जाने से आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यदि आज सांचौर जिला मुख्यालय अस्तित्व में होता, तो हम महज आधे घंटे में अपना काम निपटा लेते। लेकिन आज स्थिति यह है कि सामान्य कार्यों के लिए भी जालोर तक आने-जाने में पूरा दिन बर्बाद हो जाता है, जिससे आमजन को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।" इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की लचर स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को सुधारने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर ग्लोबल कॉलेज के चेयरमैन सुरेंद्र कुमार बिश्नोई, संजय जांगू और मोहन सिंह राव बोरली सहित कई समर्थक मौजूद रहे।
वार्ड संख्या 15: संगीता बिश्नोई ने विकास और जनसमस्याओं के समाधान का किया वादा
वार्ड संख्या 15 से कांग्रेस प्रत्याशी संगीता बिश्नोई (पत्नी प्रवीण कुमार बिश्नोई) ने भी अपना नामांकन दर्ज कराया। नामांकन के उपरांत उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बोर्ड बनने और जनता का आशीर्वाद मिलने पर जनहित के रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा।
इस दौरान प्रवीण कुमार बिश्नोई, जयकिशन बिश्नोई, भीखा राम सारण और ओमप्रकाश बिश्नोई सहित कांग्रेस संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां