सरहद पर बाइक से चल रहा था "सफेद ज़हर" का खेल, पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल कि भागने का मौका ही नहीं मिला!
सांचौर। अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सांचौर पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। ताज़ा कार्यवाही में पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 202 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एम.डी. बरामद किया है। मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस कार्यवाही से क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रत्नू, सांचौर के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ, शराब और वांछित अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों की धरपकड़ के लिए जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर है। इसी अभियान के तहत वृताधिकारी वृत सांचौर अरविन्द जांगीड़ (आरपीएस) के निकटतम सुपरविजन में तथा थानाप्रभारी एवं उप निरीक्षक नीमबसिंह के नेतृत्व में यह कार्यवाही अमल में लाई गई।

पुलिस के अनुसार दिनांक 03-10-2026 को पुलिस को पुख्ता इत्तला मिली कि सरहद कांटोल क्षेत्र में एक युवक मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ की खेप लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही थानाप्रभारी नीमबसिंह ने तत्काल पुलिस टीम गठित की और इलाके में नाकाबंदी करवाई। पुलिसकर्मी सादा और वर्दी दोनों रूपों में अलग-अलग जगह मुस्तैद हो गए तथा आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी गई।
कुछ ही देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार युवक नाकाबंदी की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबराया हुआ नजर आया। पुलिस टीम ने बिना देर किए उसे घेरकर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रकाश कुमार पुत्र किशनाराम, जाति बिश्नोई (मांजू), उम्र 29 साल, निवासी दाता, पुलिस थाना सांचौर, जिला जालोर बताया। जब पुलिस ने मौके पर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से कुल 202 ग्राम अवैध एम.डी. मादक पदार्थ बरामद हुआ। परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नम्बर RJ46SP7687 भी मौके पर ही जब्त कर ली गई।
मुलजिम को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पुलिस थाना सांचौर पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण संख्या 423 दिनांक 02-10-2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहाँ से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस जल्द ही दबिशें दे सकती है। पुलिस का कहना है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम: इस कार्यवाही में थानाप्रभारी उप निरीक्षक नीमबसिंह, सउनि सुरेन्द्रसिंह, कानि गोगाराम, कानि सोहनलाल, कानि सुखदेव, कानि मुकेश कुमार, कानि जयंतीलाल, कानि रामकू, चालक कानि शिकरण तथा चालक कानि रूघाराम सहित पुलिस थाना सांचौर की टीम की सराहनीय भूमिका रही।








पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां