रानीवाड़ा/जालौर: अगर आप भी तकनीकी शिक्षा हासिल कर अपने करियर को नई उड़ान देना चाहते हैं, तो आपके लिए बेहद जरूरी और बड़ी खबर है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रानीवाड़ा में शैक्षणिक सत्र 2026-27/28 के तहत विभिन्न व्यवसायों में रिक्त सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया तेज हो गई है। आवेदन की अंतिम तारीख बिल्कुल नजदीक है, ऐसे में इच्छुक युवाओं के पास आवेदन का यह अंतिम अवसर है।
एसएसओ पोर्टल और ई-मित्र से होगा आवेदन, समय का रखें खास ध्यान
संस्थान प्रशासन के अनुसार, विभिन्न व्यवसायों में बची हुई रिक्त सीटों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल (SSO Portal) अथवा नजदीकी ई-मित्र कियोस्क के जरिए 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे तक ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। तय समय सीमा के बाद कोई भी नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इन ट्रेडों में मिलेगा मौका: 8वीं पास के लिए भी शानदार अवसर
रानीवाड़ा आईटीआई में तकनीकी व रोजगारोन्मुखी विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश दिया जा रहा है:
-
एक वर्षीय व्यवसाय: कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA) और मैकेनिक डीजल।
-
द्विवर्षीय व्यवसाय: रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग तकनीशियन (RAC) एवं फिटर।
-
8वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए: वायरमैन व्यवसाय में सीधे प्रवेश का अवसर।
महिलाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण
राज्य सरकार की योजना के तहत तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण में महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष राहत दी गई है। महिला संवर्ग के लिए यह पूरा प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
15 अक्टूबर दोपहर को ही जारी होगी मेरिट, तुरंत मिलेगा दाखिला
ऑनलाइन आवेदन करने के साथ ही अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतिलिपियां 15 अक्टूबर को दोपहर 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से संस्थान कार्यालय में जमा करानी होंगी।
इसके बाद 15 अक्टूबर को ही संस्थान स्तर पर मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और निर्धारित प्रशिक्षण शुल्क जमा कराने के साथ ही तुरंत प्रवेश दिया जाएगा। संस्थान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन कर रखा है, वे भी अपने आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज संस्थान में जमा करवाकर इस प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां